February 14, 2026

सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, चांदी 19 हजार रुपये तक सस्ती

सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट...

नई दिल्ली, 23 जनवरी : भारतीय सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, चांदी की कीमत में करीब 5 फीसदी यानी 19,386 रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट आई है। वहीं सोना भी 3,099 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया है।

आंकड़ों के मुताबिक, चांदी आज सुबह 3,03,584 रुपये प्रति किलो पर खुली और गिरकर 2,99,711 रुपये पर बंद हुई। गौरतलब है कि बीते दिन ही चांदी ने 3,20,075 रुपये प्रति किलो का अब तक का सर्वोच्च स्तर छुआ था। दूसरी ओर, सोना भी अपने पिछले उच्च स्तर 1,55,204 रुपये से फिसलकर 1,51,128 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।

कीमतों में गिरावट के तीन मुख्य कारण

बाजार विशेषज्ञों ने सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट के पीछे तीन प्रमुख वजहें बताई हैं—

  • मुनाफावसूली:
    बीते दिनों आई तेज बढ़त के बाद निवेशकों ने मुनाफा वसूली की, जिससे कीमतों पर दबाव पड़ा।
  • शेयर बाजार में तेजी:
    शेयर बाजार में आई मजबूती के चलते सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में सोने-चांदी की मांग घटी है।
  • भू-राजनीतिक तनाव में कमी:
    वैश्विक स्तर पर जियोपॉलिटिकल तनाव कम होने से भी कीमती धातुओं की कीमतों में नरमी देखी गई है।

निवेशकों के लिए क्या है सलाह

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि नई खरीद या निवेश के लिए फिलहाल थोड़ा इंतजार करना बेहतर रहेगा, क्योंकि कीमतों में आगे और गिरावट की संभावना बनी हुई है।
हालांकि, जिन निवेशकों ने ऊंचे स्तर पर चांदी खरीदी है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है और लंबी अवधि के लिए होल्ड करने की सलाह दी गई है, क्योंकि बुनियादी तौर पर बाजार अभी भी मजबूत माना जा रहा है।

2025 में दिखा था रिकॉर्ड उछाल

इतिहास पर नजर डालें तो साल 2025 में सोने की कीमतों में करीब 75 फीसदी (57,033 रुपये) और चांदी की कीमतों में 167 फीसदी (1,44,403 रुपये) का बड़ा उछाल दर्ज किया गया था। 31 दिसंबर 2024 को जहां सोना 76,162 रुपये प्रति 10 ग्राम था, वहीं 2025 के अंत तक यह बढ़कर 1,33,195 रुपये तक पहुंच गया था। फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। निवेशकों को वैश्विक संकेतों, डॉलर की चाल और शेयर बाजार की दिशा पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।

यह भी देखें : जम्मू-कश्मीर के डोडा में शहीद जोबनजीत सिंह के सिर मार्च में बंधना था सेहरा