नई दिल्ली, 20 फरवरी : हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार (20 फरवरी) को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का सिलसिला जारी रहा। घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुएं हरे निशान में कारोबार करती नजर आईं। खबर लिखे जाने तक MCX पर सोना 612 रुपये यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,55,431 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 2,334 रुपये यानी 0.97 प्रतिशत उछलकर 2,43,727 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
राजधानी में सात प्रतिशत से ज्यादा उछाल
गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में कीमती धातुओं की कीमतों में 7 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। चांदी 2.6 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई, जबकि सोना 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्च स्तर पर पहुंच गया। स्थानीय बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, चांदी 18,000 रुपये यानी 7.32 प्रतिशत बढ़कर 2,64,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर पहुंच गई। इससे पहले बुधवार को यह 2,46,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 1,950 रुपये यानी 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,58,650 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर पहुंच गया। पिछले सत्र में यह 1,56,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मजबूती
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी ऊंचे स्तर पर कारोबार करते दिखाई दिए। स्पॉट चांदी 1.03 प्रतिशत बढ़कर 77.97 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि सोना मामूली बढ़त के साथ 4,991.24 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। जानकारों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक बाजार में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। ऐसे में निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सोना और चांदी की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है।
यह भी देखें : भारत का अपना ए.आई. डाउनलोड के लिए तैयार, चैट जीपीटी और जेमनी से बेहतर साबित होगा

More Stories
सिर्फ उम्र ही नहीं, जन्म स्थान और लिंग भी तय करते हैं आपकी इम्यूनिटी
फुटबॉल खेलते समय गिरे शिलांग के सांसद रिकी ए.जे. सिंगकोन, अस्पताल में निधन
भारत का अपना ए.आई. डाउनलोड के लिए तैयार, चैट जीपीटी और जेमनी से बेहतर साबित होगा