नई दिल्ली, 13 फरवरी : देश में आज भी बड़ी संख्या में लोग सोना और चांदी पारंपरिक जरूरतों के लिए खरीदते हैं। हालांकि हाल के महीनों में कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव के कारण निवेशक असमंजस में हैं कि आखिर सही समय पर खरीदारी कब की जाए। इसी बीच बड़ा सवाल यह है कि क्या सोने की कीमत 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार जा सकती है?
कमोडिटी विशेषज्ञ अजय केडिया के अनुसार, निकट भविष्य में सोने की कीमत 1,64,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकती है। वहीं, सोने को 1,45,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर मजबूत सपोर्ट मिल रहा है। यानी यदि बाजार में गिरावट आती है तो कीमतें इस स्तर तक फिसल सकती हैं। फिलहाल 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर दूर नजर आता है, लेकिन लंबी अवधि में वैश्विक परिस्थितियां और मांग इसकी दिशा तय करेंगी।
अभी खरीदें या इंतजार करें?
अजय केडिया का कहना है कि यदि आप शादी-विवाह या गहनों जैसी पारंपरिक जरूरतों के लिए सोना या चांदी खरीद रहे हैं तो मौजूदा समय में खरीदारी की जा सकती है।
लेकिन अगर निवेश के उद्देश्य से खरीदना चाहते हैं, तो बाजार की अस्थिरता को देखते हुए एकमुश्त निवेश के बजाय एसआईपी के जरिए निवेश करना बेहतर रहेगा। निवेशक गोल्ड ईटीएफ या म्यूचुअल फंड के माध्यम से भी चरणबद्ध निवेश कर सकते हैं।
अलग-अलग शहरों में क्या हैं भाव?
पटना़ में सोने की कीमत सबसे कम दर्ज की गई है, जहां 10 ग्राम सोना 1,54,300 रुपये में मिल रहा है। वहीं भोपाल और इंदौर में सोने का रेट सबसे अधिक है, जहां 10 ग्राम की कीमत 1,54,520 रुपये है।
अगर चांदी की बात करें तो रायपुर में चांदी सबसे सस्ती है, जहां 1 किलो चांदी की कीमत 2,42,950 रुपये है। जबकि पटना में चांदी सबसे महंगी है और यहां 1 किलो चांदी 2,43,690 रुपये में बिक रही है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों को जल्दबाजी से बचते हुए रणनीतिक और चरणबद्ध तरीके से निवेश करना चाहिए।

More Stories
अमेरिका: एंकर की मां के अपहरण पर FBI ने जारी की तस्वीर
अब बदतमीज़ी नहीं कर पाएंगे रिकवरी एजेंट, RBI ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश
शुरुआती कारोबार में बाजार 1% से अधिक लुढ़का