April 8, 2026

वेनेजुएला में ‘कौड़ियों के भाव’ बिक रहा सोना, भारत के मुकाबले कीमतें कम

वेनेजुएला में ‘कौड़ियों के भाव’ बिक रहा...

नई दिल्ली, 8 अप्रैल : दुनिया भर में सोने की कीमतें अलग-अलग देशों में भिन्न होती हैं और यह कई आर्थिक कारकों पर निर्भर करती हैं। जहां भारत में सोना लगातार महंगा होता जा रहा है, वहीं वेनेजुएला में इसकी कीमत चौंकाने वाली रूप से बेहद कम बताई जा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में इस समय 10 ग्राम सोने का दाम लगभग ₹1,47,786 के आसपास है, जबकि वेनेजुएला में यही सोना करीब ₹1,300 के आसपास मिल रहा है। यानी भारत के मुकाबले वहां सोना 100 गुना से भी ज्यादा सस्ता बताया जा रहा है।

आखिर क्यों इतना सस्ता है सोना?

वेनेजुएला में सोने की कीमतों में भारी गिरावट का मुख्य कारण देश की खराब आर्थिक स्थिति है। यहां लंबे समय से जारी आर्थिक संकट, अत्यधिक महंगाई (हाइपर-इन्फ्लेशन) और स्थानीय मुद्रा ‘बोलीवर’ की गिरती कीमत ने हालात बिगाड़ दिए हैं।

नतीजतन, लोगों का नकदी पर भरोसा कम हो गया है और वे लेन-देन के लिए सोने जैसी स्थिर संपत्ति का इस्तेमाल करने लगे हैं। कई जगहों पर तो सोना रोजमर्रा के सामान जैसे ब्रेड, अंडे और दूध से भी सस्ता बताया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, वेनेजुएला में सोने की ये कीमतें स्थानीय परिस्थितियों का परिणाम हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत इससे काफी अलग रहती है। इसके अलावा, देश पर लगे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध और अवैध खनन भी वहां के बाजार को वैश्विक अर्थव्यवस्था से अलग करते हैं।

भारत में क्या है स्थिति?

भारत में सोना न सिर्फ निवेश का प्रमुख साधन है बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से भी इसकी बड़ी अहमियत है। यहां सोने की कीमतें वैश्विक बाजार, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति और आयात शुल्क जैसे कारकों से तय होती हैं।

वेनेजुएला में सोने की बताई जा रही कीमतें स्थानीय मुद्रा के अवमूल्यन के कारण हैं। वास्तविक अंतरराष्ट्रीय मूल्य इससे अलग हो सकता है।