नई दिल्ली, 11 फरवरी : 90 के दशक में हिंदी सिनेमा पर राज करने वाले अभिनेता गोविंदा का स्टारडम अब पहले जैसा नहीं दिख रहा। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा को उनकी चर्चित कॉमेडी फिल्म ‘भागम भाग’ के सीक्वल से बाहर कर दिया गया है। इस खबर ने फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ दी है कि आखिर ‘हीरो नंबर-1’ के हाथ से यह प्रोजेक्ट क्यों निकल गया।
क्यों ‘भागम भाग 2’ से बाहर हुए गोविंदा?
फिल्म समीक्षकों का मानना है कि गोविंदा ने समय के साथ खुद को और अपनी अभिनय शैली को ज्यादा नहीं बदला। बदलते दौर और दर्शकों की पसंद के अनुरूप उन्होंने फिल्मों का चयन नहीं किया। यहां तक कि उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने भी एक इंटरव्यू में कहा था कि गोविंदा ने फिल्मकारों की मांग के अनुसार प्रोजेक्ट्स नहीं चुने।
पिछले कुछ समय से गोविंदा का नाम कई विवादों में भी चर्चा में रहा है। चाहे कथित गोलीकांड से जुड़ा मामला हो या निजी जीवन से जुड़े आरोप—इन घटनाओं ने उन्हें लगातार सुर्खियों में बनाए रखा। माना जा रहा है कि इन विवादों के चलते निर्माता-निर्देशक उन्हें फिल्म में लेने से हिचकिचा रहे हैं।
खबरें हैं कि निर्देशक प्रियदर्शन की इस फिल्म में अब गोविंदा की जगह अभिनेता मनोज बाजपेयी को लिया गया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
आने वाले प्रोजेक्ट्स पर सस्पेंस
गोविंदा ने पिछले साल अपनी फिल्म ‘दुनियादारी’ का ऐलान किया था, लेकिन फिलहाल इस प्रोजेक्ट पर कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है। इसके अलावा सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में भी उनके शामिल होने की चर्चाएं हैं, मगर अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल, ‘भागम भाग 2’ से बाहर होने की खबर ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या यह बढ़ते विवादों का असर है या फिर बदलते दौर में गोविंदा का स्टारडम कम होता जा रहा है।

More Stories
क्विक-कॉमर्स सेक्टर में व्हाइट-कॉलर नौकरियों में 21% की बढ़ोतरी
भारत बंद: ट्रेड यूनियनों का दावा—करीब 30 करोड़ मजदूर होंगे शामिल
फ्रांस में पूर्व शिक्षक पर 89 नाबालिगों से दुष्कर्म और यौन शोषण का आरोप