गढ़शंकर, 7 फरवरी : पंजाब सरकार ने गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित साल भर चलने वाले कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान 649वें प्रकाश पर्व के अवसर पर गांव खुरालगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में विशेष रूप से शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूरे वर्ष संत सम्मेलन, कॉन्फ्रेंस, कथा-कीर्तन और विश्वविद्यालयों में सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, ताकि गुरु रविदास जी के विचारों और संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा सके।
खुरालगढ़ में गुरु रविदास स्मारक का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुरालगढ़ में गुरु रविदास स्मारक के विस्तार और गांव फरीदपुर में गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र की स्थापना का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं राज्य के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक ढांचे को और मजबूत करेंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने गुरु रविदास अध्ययन केंद्र के लिए जालंधर के गांव फरीदपुर और नौगजा में 10 करोड़ रुपये की लागत से 12 एकड़ जमीन खरीदी है। यह अत्याधुनिक केंद्र गुरु रविदास जी के जीवन और दर्शन पर शोध का प्रमुख केंद्र बनेगा।
148 करोड़ की लागत से बनी विश्वस्तरीय स्मारक
पंजाब सरकार ने खुरालगढ़ में करीब 148 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय गुरु रविदास स्मारक का निर्माण किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्मारक गुरु रविदास महाराज को राज्य सरकार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ को पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है, जो पंजाब का अब तक का सबसे बड़ा स्वास्थ्य सुधार कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी के समानता और भाईचारे के संदेश को दुनिया भर में फैलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि खुरालगढ़ की पावन धरती से जुड़ना उनके लिए सौभाग्य की बात है, जहां गुरु जी ने चार वर्षों से अधिक समय तक तपस्या की थी।
विश्वविद्यालयों में शोध चेयर स्थापित
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरु रविदास जी की विरासत को सहेजने के लिए पंजाब विश्वविद्यालय और गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में शोध के लिए विशेष चेयर स्थापित की गई हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ ‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, डिप्टी स्पीकर जय किशन सिंह रौड़ी, कई कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, संत समाज के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह भी देखें : सीईओ पंजाब की पीयू के जनसंचार छात्रों से बातचीत, मीडिया और चुनाव पर संवाद

More Stories
बाजवा की टिप्पणी पर मंत्री हरपाल चीमा ने कहा माफी मांगो, नहीं तो होगी कार्रवाई
मुहाली–न्यू चंडीगढ़ विस्तार के लिए बिछेगा नया सड़क नेटवर्क
शिक्षा विभाग पंजाब की वेबसाइट में खराबी से स्कूल प्रमुख व शिक्षक परेशान