February 14, 2026

डंकी रूट से अमेरिका गया था, गांव पहुंची हरदीप सिंह की पार्थिव देह

डंकी रूट से अमेरिका गया था, गांव पहुंची...

मोहाली, 14 फरवरी : पांच महीने के लंबे इंतजार के बाद अमेरिका के टेक्सास से गांव समगोली निवासी 28 वर्षीय हरदीप सिंह की पार्थिव देह गांव पहुंची। बेहद गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि उसकी मौत के वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

37 लाख की ठगी का भी शिकार

जानकारी के अनुसार हरदीप सिंह करीब डेढ़ साल पहले डंकी रूट के जरिए भारत से कोलंबिया, पनामा और मैक्सिको के जंगलों से होते हुए अमेरिका पहुंचा था। उसने लगभग आठ महीने मैक्सिको में बिताए। बेहतर कमाई की उम्मीद में परिवार ने भारी कर्ज लिया, लेकिन अंततः उन्हें अपना जवान बेटा खोना पड़ा।

परिवार 37 लाख रुपये की कथित ठगी का भी शिकार हुआ। गांव के सरपंच जोगिंदर सिंह के मुताबिक पुलिस ने आरोपी एजेंट नितिन सैनी (निवासी बरनाला) और सुखविंदर सिंह सैनी (निवासी भांखरपुर, डेराबस्सी) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। डेराबस्सी पुलिस ने आरोपी एजेंट नितिन सैनी को गिरफ्तार कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

मौत से पहले भेजी थी भावुक वीडियो

बताया गया कि हरदीप सिंह जुलाई 2024 में घर से निकला था। मौत से पहले उसने एक वीडियो भेजी थी, जिसमें रोते हुए उसने भगवंत सिंह मान, विधायक कुलजीत सिंह रंधावा और मोहाली पुलिस प्रमुख से मदद की गुहार लगाई थी तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। वीडियो सामने आने के कुछ दिनों बाद ही उसकी मौत की खबर आ गई, जिससे परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है।

यह भी देखें : 180 ईटीटी शिक्षक एसोसिएशन के मुद्दों के समाधान में तेजी: मान सरकार