October 6, 2025

अपने चरम पर पहुंची गर्मी, 7 साल का रिकार्ड तोड़ा पारा 46 डिग्री पार

अपने चरम पर पहुंची गर्मी, 7 साल का...

लुधियाना, 10 जून : पंजाब में सोमवार को भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। सोमवार को राज्य के लगभग सभी जिले लू की चपेट में रहे। गर्मी के कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। सोमवार को लुधियाना में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार 2017 के बाद यह पहला मौका है, जब दिन के तापमान में इतना इजाफा हुआ है।

इन शहरों में भी चली लू

उधर, बठिंडा भी गर्मी की चपेट में रहा और यहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसी तरह अमृतसर में तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 44.5, फिरोजपुर में 44, चंडीगढ़ में 43.8, फाजिल्का में 43.2, पटियाला में 42.9, जालंधर में 42.6 और मोगा में 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने अगले दो दिनों के लिए लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान रातें भी सामान्य से अधिक गर्म रहेंगी।

बिजली कटों से लोग परेशान

सोमवार को जालंधर समेत राज्य के छह शहरों में छह घंटे तक बिजली कटौती की गई। बिजली कटौती की सबसे ज्यादा 1,668 शिकायतें जालंधर में दर्ज की गईं। पीएसपीसीएल के अनुसार मुक्तसर में दो फीडरों में खराबी के कारण अधिकतम छह घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इसी तरह संगरूर, कादियां, गोराया और बुढलाडा में करीब 13 फीडरों में खराबी के कारण चार से छह घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

यह भी देखें : वाहन की टंकी फुल करवाना आपके लिए सही या गलत?