March 8, 2026

मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी, पंजाब के कई शहरों में पारा 33 डिग्री के पार

मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी...

लुधियाना, 8 मार्च : मार्च के पहले सप्ताह में ही पंजाब में गर्मी का असर दिखाई देने लगा है। शनिवार को राज्य के कई जिलों में दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार बठिंडा और फरीदकोट राज्य के सबसे गर्म जिले रहे। दोनों स्थानों पर दिन का तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री अधिक है।

बठिंडा में रात का तापमान भी 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है। वहीं फरीदकोट में रात का तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

अन्य जिलों में भी बढ़ा तापमान

फिरोजपुर में दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है। लुधियाना में दिन का तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां दिन का तापमान सामान्य से 8 डिग्री और रात का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। इसके अलावा अमृतसर में 32.6 डिग्री और पटियाला में 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

गर्मी बढ़ने के कारण

पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग की प्रमुख डॉ. पवनीत किंगरा के अनुसार वैश्विक गर्मी और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय न होने के कारण फरवरी के बाद मार्च महीने में भी तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

यह भी देखें : पंजाब मंत्रिमंडल ने नई औद्योगिक नीति को दी मंजूरी