चंडीगढ़, 26 मार्च : केंद्र सरकार ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में हेरिटेज स्ट्रीट बनाने के लिए 53 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है। पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का धन्यवाद किया। डॉ. सुभाष शर्मा लंबे समय से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे और इस संबंध में उन्होंने कई बार केंद्रीय मंत्री शेखावत से मुलाकात भी की थी। लोकसभा चुनाव के दौरान शेखावत ने इस परियोजना को मंजूरी देने का वादा किया था, जिसे अब सरकार ने पूरा कर दिया है।
उन्होंने कहा कि यह हेरिटेज स्ट्रीट न केवल शहीद भगत सिंह की स्मृति को संजोए रखेगी बल्कि युवाओं और भावी पीढ़ियों को उनकी शहादत और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका से प्रेरित भी करेगी। इस परियोजना के अंतर्गत भगत सिंह के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक क्षणों को दर्शाने के लिए विशेष भित्ति चित्र, संग्रहालय, डिजिटल डिस्प्ले और इंटरैक्टिव गैलरी बनाई जाएंगी।
प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी
उन्होंने कहा कि इस हेरिटेज स्ट्रीट को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा, जिससे न केवल क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों को भारत के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास के बारे में जानने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि खटकड़ कलां पहले से ही शहीद भगत सिंह के कारण प्रसिद्ध है और यह परियोजना इसे एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी। यह पहल देशभक्ति और स्वतंत्रता संग्राम के बारे में जागरूकता बढ़ाने का एक प्रभावी साधन होगी। सरकार के इस कदम से युवाओं में देशभक्ति की भावना और मजबूत होगी तथा वे शहीद भगत सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

More Stories
ECHS घोटाल : लम्बे समय से खेला जा रहा फर्जी इलाज का खेल
पंजाब में फरवरी के अंतिम दिनों में होने लगा गर्मी का अहसास, आगे क्या?
बरनाला में केंद्र पर बरसे राहुल, बोले मोदी ने किसानों के मौत के वारंट हस्ताक्षर किए