March 2, 2026

भारत की सेमीफाइनल में एंट्री, वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया

भारत की सेमीफाइनल में एंट्री...

नई दिल्ली, 2 मार्च : सुपर-8 के अहम मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। कोलकाता में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अब भारत 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करेगा। इस मैच में 196 रन का लक्ष्य हासिल करना टी-20 विश्व कप इतिहास में भारत का सबसे बड़ा सफल रन चेज साबित हुआ।

सैमसन बने जीत के हीरो

भारतीय टीम के लिए संजू सैमसन ने 97 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। पूरे टूर्नामेंट में ज्यादातर समय बेंच पर रहने वाले सैमसन ने इस वर्चुअल क्वार्टर फाइनल में खुद को साबित किया। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 196 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।

वेस्टइंडीज की दमदार शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। शाई होप और रोस्टन चेज की नई सलामी जोड़ी ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 53 गेंदों में 68 रन जोड़े। वरुण चक्रवर्ती ने शाई होप (32) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। 12वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने मैच का रुख पलट दिया।

उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर शिमरन हेटमायर और पांचवीं गेंद पर रोस्टन चेज को आउट किया। चेज ने 25 गेंदों पर 40 रन बनाए, जबकि हेटमायर ने 12 गेंदों में 27 रन जोड़े। चेज को पांचवें ओवर में जीवनदान भी मिला था, जब अभिषेक शर्मा ने उनका आसान कैच छोड़ दिया।

पंड्या ने दिलाई अहम सफलता

ड्रिंक्स ब्रेक के बाद हार्दिक पंड्या ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर शेरफेन रदरफोर्ड (14) को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। हालांकि इसके बाद भारतीय गेंदबाज कोई और विकेट नहीं ले सके।रोवमैन पॉवेल 19 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि जेसन होल्डर ने 22 गेंदों में 37 रन की तेज पारी खेली और टीम को 195 तक पहुंचाया।

सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ंत

इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला इंग्लैंड से होगा। भारतीय टीम का मनोबल इस बड़ी जीत के बाद काफी ऊंचा है और फैंस को अब फाइनल में पहुंचने की उम्मीद है।