February 10, 2026

भारत पाकिस्तान टी-20 : मुम्बई से कोलंबो हवाई किराया 60 हजार से पार

भारत पाकिस्तान टी-20 : मुम्बई से कोलंबो...

चंडीगढ़, 10 फरवरी : कोलंबो में 15 फरवरी को होने वाले भारत–पाकिस्तान टी-20 विश्व कप मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस हाई-वोल्टेज मैच का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। पाकिस्तान सरकार द्वारा मैच के बहिष्कार का फैसला वापस लेने के कुछ ही मिनटों के भीतर हवाई किरायों में भारी उछाल दर्ज किया गया। मुंबई से कोलंबो की आने-जाने वाली उड़ानों का किराया करीब 10,000 रुपये तक बढ़ गया है।

राउंड ट्रिप अब 60 हजार तक

अब प्रति व्यक्ति राउंड ट्रिप का खर्च लगभग 60,000 रुपये तक पहुंच गया है। मैच देखने की चाह में क्रिकेट फैंस तेजी से फ्लाइट और टिकट बुक कर रहे हैं, जिससे मांग अचानक बढ़ गई है। हवाई किरायों में यह तेजी उस समय आई जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि पाकिस्तानी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

मित्र देशों और ICC की भूमिका

पाकिस्तान ने यह फैसला बांग्लादेश, श्रीलंका और यूएई जैसे मित्र देशों की अपील और आईसीसी (ICC) के साथ हुई बातचीत के बाद लिया। इससे टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबले को लेकर बनी अनिश्चितता खत्म हो गई। हालांकि इस फैसले से फैंस को राहत मिली है, लेकिन आखिरी समय में यात्रा की योजना बनाने वालों की जेब पर भारी असर पड़ रहा है। टिकट और फ्लाइट के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

आगे और बढ़ सकते हैं दाम

विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे मैच का दिन नजदीक आएगा और सीटें तेजी से भरेंगी, फ्लाइट टिकटों की कीमतों में और इजाफा हो सकता है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को यह मुकाबला देखना और भी महंगा पड़ सकता है।

यह भी देखें : टी-20 विश्व कप : पाकिस्तान का यू-टर्न, भारत के साथ मैच खेलने को माना