February 17, 2026

भारत ने ईरान से जुड़े तीन प्रतिबंधित तेल टैंकर जब्त किए

भारत ने ईरान से जुड़े तीन प्रतिबंधित...

नई दिल्ली, 17 फरवरी : भारत ने इस महीने ईरान से जुड़े और अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित तीन तेल टैंकरों को जब्त किया है। साथ ही अवैध तेल व्यापार पर रोक लगाने के लिए अपने समुद्री क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि फरवरी की शुरुआत में भारतीय अधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर की गई एक पोस्ट में इस कार्रवाई की पुष्टि की गई थी, जिसे बाद में हटा दिया गया।

जहाज-से-जहाज ट्रांसफर पर सख्ती

सूत्र के अनुसार भारत का उद्देश्य अपने समुद्री क्षेत्र का इस्तेमाल जहाज-से-जहाज (Ship-to-Ship) ट्रांसफर के लिए होने से रोकना है। इस तरीके से अक्सर तेल की खेप के वास्तविक स्रोत को छिपाया जाता है। जब्त किए गए तीन जहाजों के नाम हैं — स्टेलर रूबी (Stellar Ruby), एसफाल्ट स्टार (Asphalt Star) और अल जाफजिया (Al Jafzia)। बताया गया है कि ये जहाज कानून से बचने के लिए अपनी पहचान बदलते रहते थे और इनके मालिक विदेशों में स्थित थे।

भारत-अमेरिका संबंधों में सुधार के बाद कार्रवाई

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के संबंधों में हाल ही में सुधार हुआ है। वाशिंगटन ने इस महीने की शुरुआत में भारतीय वस्तुओं पर आयात शुल्क 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की थी।

ईरान की सफाई

ईरान के सरकारी मीडिया ने National Iranian Oil Company के हवाले से कहा कि भारत द्वारा जब्त किए गए तीनों टैंकरों का कंपनी से कोई संबंध नहीं है। न तो जहाज और न ही उनकी खेप कंपनी से जुड़ी हुई थी। भारतीय अधिकारियों ने 6 फरवरी को X पर एक पोस्ट में कहा था कि भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में एक टैंकर से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि का पता चलने के बाद मुंबई के पश्चिम में लगभग 100 समुद्री मील दूर तीन जहाजों को रोका गया। हालांकि बाद में यह पोस्ट हटा दी गई। सूत्रों के मुताबिक, आगे की जांच के लिए इन जहाजों को मुंबई लाया गया।

तटरक्षक बल की बढ़ी तैनाती

सूत्रों के अनुसार Indian Coast Guard ने समुद्री क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निगरानी के लिए लगभग 55 जहाज और 10 से 12 विमान तैनात किए हैं। Office of Foreign Assets Control (OFAC) ने पिछले वर्ष ग्लोबल पीस, चिल 1 और ग्लोरी स्टार 1 नामक तीन जहाजों पर प्रतिबंध लगाया था। इन जहाजों के IMO नंबर हाल ही में भारत द्वारा पकड़े गए टैंकरों से मेल खाते बताए जा रहे हैं।