March 7, 2026

16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए इंटरनेट मीडिया पर प्रतिबंध लगाएगा इंडोनेशिया

16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए इंटरनेट...

जकार्ता, 7 मार्च : सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंडोनेशिया सरकार ने बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। इंडोनेशिया भी उन देशों की सूची में शामिल होने जा रहा है, जिन्होंने 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए इंटरनेट मीडिया के उपयोग पर पाबंदी लगाने का निर्णय लिया है।

इंडोनेशिया की संचार और डिजिटल मामलों की मंत्री म्यूट्रिया हाफिदा ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने एक नया सरकारी नियम लागू किया है। इस नियम के अनुसार 16 साल से कम उम्र के बच्चे यूट्यूब, टिकटॉक, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और बिगो लाइव जैसे उच्च जोखिम वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपना अकाउंट नहीं बना सकेंगे।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठाया गया कदम

मंत्री हाफिदा ने अपने बयान में कहा कि इस नियम का उद्देश्य बच्चों को ऑनलाइन खतरों, अनुचित सामग्री और सोशल मीडिया के नकारात्मक प्रभाव से बचाना है। सरकार का मानना है कि कम उम्र में सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास पर असर पड़ सकता है। गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने वाला दुनिया का पहला देश बना था। वहां यह नियम पिछले दिसंबर से लागू किया गया है।

यूरोप और एशिया के अन्य देश भी कर रहे पहल

ऑस्ट्रेलिया के बाद स्पेन, फ्रांस, डेनमार्क और मलेशिया समेत कई देशों ने भी बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग पर नियंत्रण के लिए ऐसे कदम उठाए हैं या इस दिशा में नीति तैयार कर रहे हैं।