March 6, 2026

चंद्र ग्रहण के दौरान इन्फ्रारेड कैमरे की तस्वीरों ने खोले राज

चंद्र ग्रहण के दौरान इन्फ्रारेड कैमरे...

नैनीताल, 6 मार्च : हाल ही में हुए पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान वैज्ञानिकों को चंद्रमा की सतह से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इस खगोलीय घटना के दौरान चंद्रमा की सतह पर 37 अलग-अलग गर्म स्थानों (हॉट स्पॉट्स) की पहचान की गई है। यह खोज कनाडा के एक शौकिया खगोलशास्त्री द्वारा थर्मल इन्फ्रारेड कैमरे से ली गई तस्वीरों के विश्लेषण से सामने आई है।

वैज्ञानिक अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण अवसर

आर्यभट्ट विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), नैनीताल के पूर्व निदेशक और सौर वैज्ञानिक डॉ. वहाब उद दीन ने बताया कि पूर्ण चंद्र ग्रहण वैज्ञानिकों के लिए अहम अध्ययन का अवसर देता है। जिस तरह सूर्य ग्रहण के दौरान सूर्य के कोरोना के तापमान और अन्य रहस्यों का अध्ययन किया जाता है, उसी तरह इस बार के पूर्ण चंद्र ग्रहण ने चंद्रमा की सतह के कई गर्म स्थानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है।

इन्फ्रारेड कैमरे से मिली अहम जानकारी

कनाडा के शौकिया खगोलशास्त्री ने पूर्ण चंद्र ग्रहण (ब्लड मून) के दौरान तापमान मापने वाले थर्मल इन्फ्रारेड कैमरे से तस्वीरें लीं। जब इन तस्वीरों का विश्लेषण किया गया तो चंद्रमा की सतह पर 37 ऐसे स्थान दिखाई दिए जो तारों की तरह चमकते नजर आए।

भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों के लिए फायदेमंद

वैज्ञानिकों के अनुसार ये चमकते स्थान दरअसल चंद्रमा की सतह के ज्यादा तापमान वाले क्षेत्र हैं। पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान सूर्य का प्रकाश पृथ्वी द्वारा रोक लिया जाता है, जिससे चंद्रमा की सतह का तापमान तेजी से गिर जाता है। ऐसे में वही स्थान चमकते दिखाई देते हैं जहां तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह जानकारी भविष्य में चंद्रमा पर उतरने वाले अंतरिक्ष यात्रियों और मिशनों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती है।

यह भी देखें : शहद: सेहत के लिए फायदेमंद, लेकिन इन गलतियों से रहें सावधान