March 3, 2026

कैथल में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी पर जानलेवा हमला

कैथल में इंटरनेशनल कबड्डी...

कैथल, 3 मार्च : हरियाणा के कैथल जिले के हरीगढ़ किंगन गांव में एक अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित खिलाड़ी अरविंद सिंह पर डंडों, दातरियों और गंडासियों से हमला किया गया। घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, खिलाड़ी अरविंद सिंह गांव के खेल मैदान में अन्य खिलाड़ियों के साथ अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने वहां पहुंचकर खिलाड़ियों को अभ्यास करने से रोकना शुरू कर दिया। जब अरविंद ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।

हमले में अरविंद सिंह की बाहों, पैरों और कमर पर कई वार किए गए। उनके एक हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

सड़क विवाद बना हमले की वजह

शिकायत में अरविंद सिंह ने बताया कि खेल मैदान के पास से एक कच्ची सड़क गुजरती है, जिसके साथ निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क पर बिखरी ईंटों को हटाकर खिलाड़ी रास्ता साफ कर रहे थे ताकि आने-जाने में दिक्कत न हो। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और हमला कर दिया गया।

घर में घुसने की कोशिश, परिवार को धमकी

पीड़ित खिलाड़ी का आरोप है कि आरोपियों ने रात करीब 8 बजे उनके घर में घुसने की कोशिश भी की। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अरविंद ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी गई हैं। डर के कारण उनके बच्चे स्कूल जाने से भी घबरा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वह गांव के युवाओं को नशे से दूर रहने और कबड्डी की ट्रेनिंग देने के लिए प्रेरित करते हैं, लेकिन कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। चीका थाना प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि खिलाड़ी अरविंद सिंह की शिकायत के आधार पर गांव के मलकित, अमन, बलकार और लाभा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।