मोहाली, 16 मार्च: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तीन दिवसीय प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन के अंतिम दिन उद्योगपतियों और निवेशकों को संबोधित करते हुए उन्हें पंजाब में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को हर संभव सहयोग और आवश्यक रियायतें देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि पंजाब में औद्योगिक विकास को नई गति मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की तरक्की सरकार का मुख्य संकल्प है और इसी उद्देश्य के तहत उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण और नए अवसर पैदा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और वैश्विक निवेशकों की मजबूत भागीदारी ने यह साबित कर दिया है कि पंजाब अब निवेश के लिए एक भरोसेमंद गंतव्य बन रहा है।
छह महीने बाद होगी प्रोजेक्ट्स की समीक्षा
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की कि सम्मेलन के दौरान घोषित निवेश प्रस्तावों और परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करने के लिए राज्य सरकार छह महीने बाद निवेशकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सभी प्रोजेक्ट समय पर शुरू हों और निवेशकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
30 सत्रों में आर्थिक विकास पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन दिनों तक चले इस सम्मेलन के दौरान लगभग 30 विभिन्न सत्र आयोजित किए गए, जिनमें उद्योग, निवेश और आर्थिक विकास से जुड़े कई अहम विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि इन सत्रों से निकले सुझाव और विचार राज्य के आर्थिक विकास को नई दिशा देने में सहायक होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे निवेशक सम्मेलन राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे युवाओं का विदेशों की ओर पलायन भी कम होगा और पंजाब में विकास और खुशहाली का नया दौर शुरू होगा।

More Stories
मोहाली को टियर-1 आईटी हब के रूप में विकसित करने का लक्ष्य: सीमा बंसल
लकड़ी आधारित कृषि वानिकी को पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ बताया गया
प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन को सकारात्मक समर्थन मिला