March 15, 2026

टी-20 विश्व कप से पहले बायकॉट ड्रामा पर जय शाह का करारा जवाब

टी-20 विश्व कप से पहले बायकॉट ड्रामा पर...

नई दिल्ली, 15 मार्च : टी-20 विश्व कप 2026 से पहले पाकिस्तान और बांग्लादेश को लेकर हुए बायकॉट ड्रामे पर अब आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी टीम संगठन से बड़ी नहीं होती और सभी टीमों के साथ मिलकर ही एक मजबूत क्रिकेट संगठन बनता है।

टूर्नामेंट से पहले खड़ा हुआ था संकट

मुंबई में आयोजित ‘इंडियन बिजनेस लीडर अवॉर्ड्स’ कार्यक्रम में बोलते हुए जय शाह ने बताया कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले कुछ टीमों की भागीदारी को लेकर बड़ा विवाद पैदा हो गया था। इससे पूरे विश्व कप के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए थे।

दरअसल, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने भारत आने से इनकार कर दिया था। इसके बाद लंबी बैठक के बाद उसे टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह ग्रुप-सी में स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।

पाकिस्तान ने भी दी थी बायकॉट की धमकी

बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपने ग्रुप स्टेज मैच का बायकॉट करने की चेतावनी दी थी। हालांकि बाद में पाकिस्तान ने अपना फैसला बदल लिया और टूर्नामेंट में हिस्सा लिया।

जय शाह ने बिना किसी देश का नाम लिए कहा, “यह विश्व कप बहुत अहम था, क्योंकि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले यह चर्चा थी कि कुछ टीमें खेलेंगी या नहीं। आईसीसी अध्यक्ष के तौर पर मैं कह सकता हूं कि कोई भी टीम संगठन से बड़ी नहीं होती और न ही एक टीम से संगठन बनता है। सभी टीमों के साथ मिलकर ही संगठन बनता है।”

दर्शकों के मामले में टूटा रिकॉर्ड

उन्होंने बताया कि इस विश्व कप ने दर्शकों के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। पहली बार करीब 72 लाख दर्शकों ने एक साथ टूर्नामेंट को देखा। शाह ने कहा कि इस टूर्नामेंट में कई एसोसिएट टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया—

  • अमेरिका ने भारत को कड़ी टक्कर दी
  • नीदरलैंड ने पाकिस्तान को परेशान किया
  • जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया
  • नेपाल ने इंग्लैंड को मुश्किल में डाल दिया
  • उन्होंने यह भी कहा कि अब टीमों को आने वाले बड़े टूर्नामेंटों और 2030, 2031 और 2036 तक की तैयारियों पर ध्यान देना चाहिए।

यह भी देखें : शुभमन गिल ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ के दावेदार, राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट