March 15, 2026

Karan Aujla ‘पी-पॉप कल्चर’ में 30 हजार से अधिक प्रशंसकों की मौजूदगी

Karan Aujla ‘पी-पॉप कल्चर’ में ...

चंडीगढ़, 15 मार्च : पंजाबी संगीत के मशहूर सितारे Karan Aujla ने Punjab Cricket Association Stadium में अपने ‘पी-पॉप कल्चर’ इंडिया टूर के दौरान शानदार लाइव कॉन्सर्ट से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजकों के अनुसार यह शहर का अब तक का सबसे बड़ा पंजाबी लाइव कॉन्सर्ट था, जिसमें 30,000 से अधिक दर्शकों ने हिस्सा लिया।

लगभग ढाई घंटे चले इस कार्यक्रम के दौरान औजला ने पंजाबी पॉप और हिप-हॉप का ऐसा रंग जमाया कि पूरा स्टेडियम संगीत की धुनों से गूंज उठा। स्टेज के नीचे से लिफ्ट के जरिए उनकी नाटकीय एंट्री ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया।

“चंडीगढ़ में गाना मेरे लिए सपना सच होने जैसा”

इस मौके पर करण औजला ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय था जब चंडीगढ़ उनके लिए बहुत बड़ा शहर लगता था, और आज इसी शहर के खचाखच भरे स्टेडियम में गाना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।

बाढ़ पीड़ितों की मदद की अपील

कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारी भी दिखाई। उन्होंने 2025 में पंजाब में आई बाढ़ की त्रासदी को याद करते हुए एक वीडियो दिखाया और एक बाढ़ पीड़ित परिवार को मंच पर बुलाकर लोगों से मदद जारी रखने की अपील की। म्यूजिक के दौरान Softly, Winning Speech, 52 Bars और Gangsta जैसे हिट गानों ने युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया।

भारी भीड़ से ट्रैफिक और सफाई व्यवस्था प्रभावित

हालांकि भारी भीड़ के कारण ट्रैफिक और सफाई व्यवस्था में कुछ परेशानियां भी देखने को मिलीं, लेकिन करण औजला की लोकप्रियता और शानदार प्रोडक्शन ने इस शाम को चंडीगढ़ के संगीत इतिहास में यादगार बना दिया।

यह भी देखें : जीवन के इस महान उपहार को मापने का कोई पैमाना नहीं: प्रो. विवेक लाल