March 3, 2026

लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े वकील पर फायरिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े वकील पर फायरिंग...

नई दिल्ली, 3 मार्च : दिल्ली पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 25 फरवरी की रात उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में स्थित मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास हुए हमले के करीब एक सप्ताह बाद हुई।

साजिश रचने में मुख्य भूमिका

पुलिस के अनुसार, रोहित सोलंकी इस हमले की साजिश रचने और उसे अंजाम देने में मुख्य रूप से शामिल था। वारदात के समय कार में पांच लोग सवार थे। फायरिंग में एक व्यक्ति के कंधे पर गोली लगी थी, जिसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और 3(5) (आपराधिक साजिश) के अलावा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

नवीन बॉक्सर ने ली थी जिम्मेदारी

हमले के बाद गैंगस्टर नवीन बॉक्सर ने सोशल मीडिया के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी ली थी और वकील दीपक खत्री को धमकियां भी दी थीं। पुलिस इस एंगल से भी गहन जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

यह भी देखें : केंद्र सरकार देश की अर्थव्यवस्था से समझौता कर रही: डॉ. राजकुमार वेरका