नई दिल्ली, 16 फरवरी : दक्षिणी स्विट्जरलैंड में सोमवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। करीब 80 यात्रियों को लेकर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन गोपेनस्टीन गांव के पास बर्फीले तूफान की चपेट में आकर पटरी से उतर गई। स्विस पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसा सुबह लगभग 7 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है।
30 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक सुबह 10 बजे तक क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे 30 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। मौके पर एंबुलेंस और रेस्क्यू हेलीकॉप्टरों की मदद से राहत कार्य लगातार जारी है। स्विस रेल कंपनी BLS के एक प्रवक्ता ने स्थानीय मीडिया ‘20 मिनटन’ को बताया कि स्टॉकग्राबेन क्षेत्र में बर्फीले तूफान के कारण ट्रेन पटरी से उतर गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रेन सुबह 6:12 बजे स्पीएज़ से रवाना हुई थी और हादसे के समय दक्षिण दिशा में ब्रिग की ओर जा रही थी। ब्रिटिश अखबार द इंडिपेंडेंट के अनुसार इस हादसे में कई लोगों की मौत की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
रेल सेवाएं मंगलवार तक प्रभावित
BLS ने जानकारी दी है कि हादसे के बाद गोपेनस्टीन और ब्रिग के बीच रेल सेवाएं तत्काल प्रभाव से रोक दी गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक यह सेवाएं कम से कम मंगलवार तक बंद रह सकती हैं। फिलहाल राहत और बचाव टीमें मौके पर तैनात हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।

More Stories
उत्तर कोरिया में सत्ता की जंग? बहन या बेटी संभालेगी कमान
बांग्लादेश की नई सरकार में मुहम्मद यूनुस बनेंगे राष्ट्रपति?
कोलंबो में भारत-पाक मुकाबले से कारोबार में उछाल