February 10, 2026

मणिपुर हिंसा: उखरूल जिले में आगजनी के बाद हालात तनावपूर्ण, कर्फ्यू लागू

मणिपुर हिंसा: उखरूल जिले में आगजनी...

इंफाल, 10 फरवरी : मणिपुर के उखरूल जिले में बीती रात शरारती तत्वों द्वारा आगजनी की घटनाओं के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। लिटन और इसके आसपास के गांवों में कई घरों को आग के हवाले कर दिया गया, जिसके चलते प्रशासन ने पूरे इलाके में कर्फ्यू लागू कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हुई आगजनी की घटनाओं में करीब 25 से 30 घरों के अलावा कई सरकारी आवास भी जला दिए गए। स्थिति बिगड़ने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लगाते हुए भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की है।

मामूली झगड़े से भड़की हिंसा

बताया जा रहा है कि हिंसा की शुरुआत शनिवार रात एक मामूली विवाद से हुई थी, जो धीरे-धीरे दो समुदायों के बीच तनाव में बदल गई। हालात बिगड़ते देख कई परिवार अपना जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर गए। स्थिति को काबू में रखने के लिए लिटन पुलिस स्टेशन में एक संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

दूसरी ओर सुरक्षा बलों ने विभिन्न जिलों में तलाशी अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। इसमें 36 हैंड ग्रेनेड और कई पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस ने एक बम विस्फोट के मामले में तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार भी किया है। सरकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और झूठे वीडियो पर भरोसा न करें और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

यह भी देखें : शेयर बाजार: लगातार तीसरे दिन Sensex और Nifty में तेजी