March 25, 2026

पश्चिम एशिया में शांति पर मोदी-ट्रंप की फोन पर हुई अहम चर्चा

पश्चिम एशिया में शांति पर मोदी-ट्रंप...

नई दिल्ली, 25 मार्च : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत के बाद कहा कि भारत पश्चिम एशिया में तत्काल शांति बहाली और तनाव कम करने का समर्थन करता है। बातचीत में खास तौर पर होरमुज़ जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और क्षेत्र में स्थिरता पर चर्चा हुई।

ईरान ने वार्ता के दावों को नकारा

ईरान के सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व ने अमेरिका के बातचीत संबंधी दावों को खारिज कर दिया। सेना के शीर्ष कमांड खात्म-अल-अनबिया के प्रवक्ता मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा कि ईरान पूर्ण जीत तक संघर्ष जारी रखेगा, जिससे साफ है कि वह फिलहाल बातचीत के पक्ष में नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने ईरान को हॉर्मुज़ जलमार्ग खोलने के लिए पांच दिन का समय दिया था। इसके बाद उन्होंने मोदी को ताजा हालात की जानकारी दी। दोनों नेताओं ने आगे भी संपर्क में रहने पर सहमति जताई।

भारत ने बनाई सात विशेष टीमें

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बदलते हालात से निपटने के लिए सरकार ने विशेष अधिकारों वाली सात टीमें गठित की हैं। ये टीमें ईंधन, उर्वरक, गैस, सप्लाई चेन और महंगाई जैसे अहम मुद्दों पर रणनीति तैयार करेंगी। मोदी ने राज्यों से अपील की कि वे ‘टीम इंडिया’ के तहत केंद्र के साथ मिलकर काम करें। साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के निर्देश भी दिए। सरकार ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जिसकी अध्यक्षता राजनाथ सिंह करेंगे। हालांकि विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहले से तय कार्यक्रम के चलते इसमें शामिल नहीं हो पाएंगे।

विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा प्राथमिकता

प्रधानमंत्री ने कहा कि खाड़ी देशों में रह रहे करीब एक करोड़ भारतीयों की सुरक्षा और आजीविका भारत के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्यसभा में दिए बयान में मोदी ने कोविड-19 काल का जिक्र करते हुए कहा कि विशेषज्ञों की मदद से जैसे उस समय हालात संभाले गए, वैसे ही इस संकट से निपटने के लिए भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

यह भी देखें : भागलपुर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार