January 9, 2026

मुंडियां और गोयल द्वारा सतलुज दरिया के प्रवाह को बहाल करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी लगाने के आदेश

मुंडियां और गोयल द्वारा सतलुज दरिया के...

चंडीगढ़/लुधियाना/जालंधर, 19 सितम्बर : पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने आज ज़िला लुधियाना के सतलुज दरिया (ससराली कॉलोनी) में गाद सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। मंत्रियों ने गाद हटाने के काम को तेज़ करने और दरिया के असली प्रवाह मार्ग को बहाल करने के लिए अतिरिक्त संसाधनों, जिनमें विशेष फ्लोटिंग एक्सकेवेटर, पोकलेन और जेसीबी शामिल हैं, की तुरंत तैनाती के निर्देश दिए। बता दें कि पंजाब सरकार ने विशेष फ्लोटिंग एक्सकेवेटर को दरिया के प्रवाह को उसके मूल रास्ते की ओर मोड़ने के लिए पहले ही तैनात किया हुआ है।

45 दिनों में मिलेगा मुआवज़ा, गिरदावरी युद्धस्तर पर जारी

मंत्रियों ने गाद जमा होने से रोकने के लिये अतिरिक्त मशीनरी लगाने और दरिया के वास्तविक प्रवाह को तेज़ी से बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधन जुटाने के आदेश दिए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक और अधिकारी प्रभावित लोगों की मदद के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर सहायता देने तथा उनके पुनर्वास के लिए वचनबद्ध हैं।

राजस्व मंत्री ने दी अपनी तनख्वाह से मदद

इसके बाद राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने गाँव साहिबाना का दौरा किया और अपनी तनख़्वाह से वहाँ के निवासी बलबीर सिंह को बाढ़ के कारण उनके घर की क्षतिग्रस्त छत की तत्काल मरम्मत के लिए 50,000 रुपये नकद दिए। उन्होंने घोषणा की कि पंजाब सरकार की ओर से बलबीर सिंह की और सहायता के लिए अतिरिक्त फंड जारी किए जाएंगे।

सीचेवाल और सेना के सहयोग से चल रहा काम

इस बीच जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने जालंधर के मंडाला छन्ना गाँव में धुस्सी बांध को मजबूत करने के कार्य का जायज़ा लिया। यहाँ ड्रेनेज विभाग, सेना, एसडीआरएफ, संगत और वालंटियर्स के सहयोग से राहत कार्य जारी हैं। इस अवसर पर उनके साथ राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल और एडीसी जसबीर सिंह भी मौजूद थे।

मंत्री ने बताया कि बांध को सुरक्षित करने के लिए प्रशासन और सेना की 24 घंटे की टीमें काम कर रही हैं और सरकार ने जनशक्ति और सामग्री की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित कर दी है। उन्होंने कहा कि पानी का स्तर घटने के बाद बांध के और मजबूतीकरण का कार्य किया जाएगा।

यह भी देखें : 8 करोड़ की लागत से बनने वाली पुलियों से चंगर इलाके की समस्याएं होंगी हल : हरजोत बैंस