न्यूयार्क, 10 फरवरी : टेस्ला के मालिक एलन मस्क द्वारा यह कहे जाने के बाद कि वे कभी भी जेफरी एप्सटीन की किसी पार्टी में शामिल नहीं हुए, अब उनके इस दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में सामने आई एप्सटीन से जुड़ी फाइलों ने इस मामले को फिर से चर्चा में ला दिया है। जारी दस्तावेजों में एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें एलन मस्क और मेटा (फेसबुक) के सीईओ मार्क जुकरबर्ग वर्ष 2015 में कैलिफोर्निया में आयोजित एक नाइट पार्टी के दौरान साथ बैठे नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह तस्वीर खुद जेफरी एप्सटीन ने खींची थी।
एप्सटीन ने बताया था ‘वाइल्ड पार्टी’
बताया जा रहा है कि यह पार्टी 3 अगस्त 2015 को हुई थी। एप्सटीन ने अपनी निजी ईमेल्स में इस आयोजन को “वाइल्ड पार्टी” बताया था। यह घटना उस समय की है जब एप्सटीन को नाबालिगों की तस्करी के मामले में दोषी ठहराए जाने के कई साल बीत चुके थे।
एप्सटीन ने अपने करीबी दोस्तों को भेजी ईमेल्स में दावा किया था कि उसने एलन मस्क, मार्क जुकरबर्ग, पीटर थील और लिंक्डइन के सह-संस्थापक रीड हॉफमैन जैसी बड़ी टेक हस्तियों के साथ डिनर किया था। यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब मस्क ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एप्सटीन की किसी भी पार्टी में शामिल होने से इनकार किया था।
रीड हॉफमैन की सफाई
इस मामले में रीड हॉफमैन ने स्वीकार किया है कि वे एप्सटीन से मिले थे, लेकिन उनका कहना है कि ये मुलाकातें केवल एमआईटी (MIT) यूनिवर्सिटी के लिए फंड जुटाने तक सीमित थीं। उन्होंने इन मुलाकातों पर अफसोस भी जताया है।
स्पेसएक्स दौरे का भी जिक्र
इसके अलावा, साल 2013 की एक ईमेल भी सामने आई है, जिसमें एप्सटीन ने स्पेसएक्स के दौरे के लिए एलन मस्क का धन्यवाद किया था। हालांकि मस्क पहले एप्सटीन से मिलने से इनकार करते रहे हैं, लेकिन नए दस्तावेजों और तस्वीरों ने इस मामले को और जटिल बना दिया है। जेफरी एप्सटीन से जुड़ी फाइलें सार्वजनिक होने के बाद कई बड़े और प्रभावशाली नाम एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस खुलासे ने टेक्नोलॉजी जगत की नामी हस्तियों पर सवालों की बौछार कर दी है और मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है।
यह भी देखें : तोशाखाना-2 मामले में इमरान खान और बुशरा बीबी को 17 वर्ष की सजा

More Stories
US–Canada : नए अंतरराष्ट्रीय पुल के उद्घाटन पर ट्रंप की रोक की धमकी
तोशाखाना-2 मामले में इमरान खान और बुशरा बीबी को 17 वर्ष की सजा
रूस की यूनिवर्सिटी में भारतीय छात्रों पर चाकू से हमला, 4 जख्मी