नई दिल्ली, 14 फरवरी : कर्नाटक के बेंगलुरु के पास तुमकुरु जिले में सरकारी स्कूल की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। 11 फरवरी को एक छह वर्षीय बच्ची की दो उंगलियां कट गईं, जिन्हें कथित तौर पर कूड़ेदान में फेंक दिया गया। घटना का खुलासा बाद में हुआ।
कटी उंगलियां कूड़ेदान में फेंकने का आरोप
बताया जा रहा है कि पहली कक्षा की छात्रा स्कूल परिसर में मिड-डे मील के लिए लाइन में खड़ी थी, तभी क्लासरूम का लोहे का दरवाजा उसके हाथ पर गिर गया। हादसे में उसकी दो उंगलियां कटकर अलग हो गईं। परिजनों का आरोप है कि अत्यधिक खून बहने के बावजूद स्कूल स्टाफ ने बच्ची को तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचाया।
बच्ची के माता-पिता का दावा है कि कटी हुई उंगलियों को झाड़ू से उठाकर कूड़ेदान में फेंक दिया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित उपचार मिलता तो उंगलियां दोबारा जोड़ी जा सकती थीं। जब माता-पिता स्कूल पहुंचे और कटी उंगलियों के बारे में पूछा, तो कथित तौर पर बताया गया कि खून देखकर अन्य बच्चे डर रहे थे, इसलिए उन्हें फेंक दिया गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन ने उनके खाते में 2,000 रुपये ट्रांसफर किए ताकि मामला दबाया जा सके।
स्कूल स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज
शिकायत के बाद तुमकुरु ग्रामीण पुलिस ने हेडमास्टर नागेश, शिक्षकों रेनुकम्मा और वेंकटेश तथा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हनुमंथप्पा के खिलाफ लापरवाही के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है और शिक्षा विभाग पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
यह भी देखें : गुरुओं पर टिप्पणी मामला : पंजाब सरकार ने दिल्ली विधानसभा को स्पष्टीकरण नहीं भेजा

More Stories
संजीव बालियान समक्ष भगवंत मान की पी.एम. पर टिप्पणी से गर्माई सियासत
Raghav Chadh के वीडियो पर सौरव भारद्वाज ने कहा जो डर गया, वो मर गया
‘मेक इन इंडिया’ रक्षा निर्यात ने बनाया नया रिकॉर्ड, 38 हजार करोड़ पार