February 4, 2026

रसोई में इन 3 चीज़ों को कभी न होने दें खत्म, वरना रुक सकती है बरकत

रसोई में इन 3 चीज़ों को कभी न होने दें खत्म...

नई दिल्ली, 30 जनवरी : हिंदू धर्म और वास्तु शास्त्र में रसोई को घर का सबसे पवित्र स्थान माना गया है। रसोई केवल भोजन पकाने की जगह नहीं होती, बल्कि यहीं से पूरे परिवार की सेहत, सुख-शांति और भाग्य जुड़ा होता है। मान्यता है कि रसोई में मां अन्नपूर्णा का वास होता है, इसलिए यहां कुछ नियमों का पालन बेहद जरूरी माना गया है।

वास्तु के अनुसार तीन चीज़ें कभी न हों खत्म

वास्तु शास्त्र के अनुसार रसोई में तीन ऐसी वस्तुएं हैं, जिनका डिब्बा कभी भी पूरी तरह खाली नहीं होना चाहिए। इनका खत्म होना नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाता है और घर की बरकत में रुकावट पैदा कर सकता है।

1. हल्दी: गुरु ग्रह और सौभाग्य का प्रतीक

रसोई में हल्दी का डिब्बा कभी खाली नहीं होना चाहिए। ज्योतिष के अनुसार हल्दी का संबंध गुरु ग्रह (बृहस्पति) से माना जाता है। गुरु ग्रह जीवन में मान-सम्मान, धन और संतान सुख का कारक है। मान्यता है कि यदि हल्दी पूरी तरह खत्म हो जाए तो इसे ‘गुरु दोष’ का संकेत माना जाता है। इससे शुभ कार्यों में बाधाएं आती हैं और घर के सदस्यों की किस्मत कमजोर पड़ सकती है।

2. नमक: नकारात्मकता को दूर करने वाला तत्व
नमक के बिना भोजन अधूरा माना जाता है और वास्तु के अनुसार नमक के बिना रसोई भी अधूरी होती है। नमक का संबंध राहु-केतु के अशुभ प्रभाव को कम करने से जोड़ा जाता है।

पुरानी मान्यताओं के अनुसार यदि नमक का डिब्बा पूरी तरह खाली हो जाए तो घर में वास्तु दोष बढ़ता है, जिससे पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव उत्पन्न हो सकता है। यही कारण है कि न तो नमक पूरी तरह खत्म होने देना चाहिए और न ही किसी से नमक उधार लेना शुभ माना गया है।

3. चावल: अक्षयता और सुख-समृद्धि का प्रतीक
चावल को ‘अक्षत’ कहा जाता है, यानी जो कभी खत्म न हो। इसका संबंध शुक्र ग्रह और चंद्रमा से माना जाता है। शुक्र ग्रह भौतिक सुख, ऐशो-आराम और प्रेम का प्रतीक है।
वास्तु के अनुसार रसोई में चावल पूरी तरह खत्म होना अशुभ माना जाता है। इससे घर की सुख-शांति प्रभावित होती है और जमा धन में कमी आने लगती है। मां अन्नपूर्णा की कृपा बनाए रखने के लिए चावल का डिब्बा खाली होने से पहले ही उसमें नए चावल भर देना चाहिए।

बरकत बनाए रखने के लिए रखें ध्यान

वास्तु मान्यताओं के अनुसार हल्दी, नमक और चावल का रसोई में हमेशा उपलब्ध होना घर में सकारात्मक ऊर्जा, सुख-समृद्धि और बरकत बनाए रखने का संकेत माना जाता है।

यह भी देखें : सावधान! आपके चेहरे पर मुहांसों का कारण कहीं दूध तो नहीं?