चंडीगढ़, 28 मार्च : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर चिंता का माहौल है, लेकिन ऐसे हालातों में भारत या पंजाब में लॉकडाउन लगाने की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने यह बात चंडीगढ़ स्थित अपनी रिहायश पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में नरेंद्र मोदी द्वारा देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की गई, जिसमें विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
पेट्रोल, डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में इस समय गैस सिलेंडर का 6 दिन, पेट्रोल का 12 दिन और डीजल का 14 दिन का स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने या जरूरत से ज्यादा सामान जमा करने की कोई आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि जिन पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक लाइनें लगेंगी या जो लोग महंगे दामों पर सामान बेचेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कणक के सीजन को लेकर तैयारी
उन्होंने बताया कि आने वाले गेहूं के सीजन को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पेट्रोल और डीजल की मांग की गई है, ताकि फसल की कटाई प्रभावित न हो। फिलहाल पंजाब में 41 लाख मीट्रिक टन गेहूं और 139 लाख मीट्रिक टन चावल का भंडार मौजूद है। पंजाब सरकार ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव दिया है कि वह विशेष ट्रेनों के जरिए पंजाब से अन्य राज्यों तक गेहूं और चावल की आपूर्ति कर सकती है, ताकि देशभर में खाद्यान्न की कमी न हो।
केंद्र सरकार से कूटनीतिक पहल की अपील
मुख्यमंत्री मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे अपने अंतरराष्ट्रीय संबंधों का उपयोग करते हुए मौजूदा हालात में देश के 140 करोड़ लोगों की समस्याओं का समाधान करें और आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई को प्रभावित होने से बचाएं। उन्होंने कहा कि भारत खुद को विश्व गुरु बताता है, लेकिन मौजूदा हालात में उसे वैश्विक स्तर पर अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे अन्य देशों के नेताओं से बातचीत कर भारत की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाए रखें।
यह भी देखें : पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेता लाल सिंह का निधन

More Stories
जनगणना : स्कूलों के अलावा अलग से काम लिए जाने से खफा हुए अध्यापक
पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेता लाल सिंह का निधन
गमाडा द्वारा बिल्डर को बड़ी आर्थिक राहत और मंजूरी देने पर सरकार सख्त