लुधियाना, 26 जनवरी : लुधियाना नगर निगम के गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) में चल रही अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई। कार्यक्रम में जहां एक ओर नई नगर निगम कमिश्नर नीरू कत्याल की गैरमौजूदगी को लेकर चर्चाएं रहीं, वहीं दूसरी ओर सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर ने अनदेखी का आरोप लगाते हुए कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।
मेयर और ज़ोनल कमिश्नर पर लगाए अनदेखी के आरोप
सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर ने मेयर और ज़ोनल कमिश्नर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर नजरअंदाज किया गया। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा हर साल किसी भी आधिकारिक कार्यक्रम के लिए विधिवत निमंत्रण कार्ड जारी किया जाता है, लेकिन इस बार गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई। राकेश पराशर के अनुसार, सूचना न मिलने के बावजूद वह डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर के साथ ज़ोन-डी कार्यालय, सराभा नगर पहुंच गए। उस समय तक मेयर मौके पर मौजूद नहीं थीं और ज़ोनल कमिश्नर सेखों ने दोनों नेताओं को कार्यालय के अंदर बैठा दिया।
पार्टी में चल रही खींचतान उजागर
आरोप है कि मेयर के पहुंचते ही राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, लेकिन सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को इसकी कोई सूचना तक नहीं दी गई। इस अनदेखी से आहत होकर दोनों नेताओं ने कार्यक्रम में शामिल होने की बजाय वापस लौटने का फैसला किया। इस घटनाक्रम ने आम आदमी पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को सार्वजनिक कर दिया है। हालांकि बाद में मेयर ने नाराज नेताओं से संपर्क कर उन्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी।
पार्टी और सरकार तक पहुंचेगा मामला
सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर ने स्पष्ट किया है कि वह इस पूरे मामले को पार्टी नेतृत्व के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने इस विवाद के लिए ज़ोनल कमिश्नर को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार से औपचारिक शिकायत भी की जाएगी।
यह भी देखें : पतंग लूट रहे दो नाबालिग बच्चों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

More Stories
दिल दहला देने वाली वारदात: रोती बेटी से झुंझलाए शराबी पिता ने की हत्या
किरत कोड के नियमों को अंग्रेजी में जारी करने पर भाषा विभाग ने लिया नोटिस
लुधियाना से गुजरात जा रही पंजाब मार्का शराब से भरा ट्रक राजस्थान में जब्त