February 15, 2026

महाशिवरात्रि पर प्राचीन शिव मंदिर कलानौर में उमड़ा आस्था का सैलाब

महाशिवरात्रि पर प्राचीन शिव मंदिर...

कलानौर, 15 फरवरी : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्राचीन शिव मंदिर कलानौर में आधी रात 12 बजे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ प्राचीन शिवलिंग का अभिषेक किया। इस दौरान क्विंटल दूध के अलावा शहद, चंदन, आक, धतूरा और भांग आदि सामग्री से भगवान शिव का पवित्र स्नान कराया गया। शिवलिंग के अभिषेक के लिए श्रद्धालु रात 12 बजे से पहले ही लंबी-लंबी कतारों में खड़े हो गए थे। “बम-बम भोले” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बड़े-बड़े कैनों में दूध लेकर मंदिर पहुंचे।

दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु

इस अवसर पर शिवजी महाराज शिवाला कमेटी के प्रधान अमरजीत खुल्लर सहित अन्य प्रबंधक मौजूद रहे। ऐतिहासिक कस्बा कलानौर के अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से भी भारी संख्या में शिव भक्त मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर के पुजारी शुभम ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर शिवलिंग का अभिषेक कराया। रात 12 बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। अनुमान है कि पूरे दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु, राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि प्राचीन शिवलिंग के दर्शन करेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

आदित्य (एसएसपी गुरदासपुर) ने बताया कि महाशिवरात्रि मेले के मद्देनजर महिला पुलिसकर्मियों सहित विभिन्न पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।

यह भी देखें : कैलिफोर्निया में भारतीय छात्र की मौत, यूसी बर्कले में पढ़ रहा था श्रीनिवासैया