March 25, 2026

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पंजाब पुलिस द्वारा राज्यभर में फ्लैग मार्च

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पंजाब...

चंडीगढ़, 26 जनवरी: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार गणतंत्र दिवस के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस ने राज्यभर में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। इसी कड़ी में आज संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाले गए। डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने सभी पुलिस कमिश्नरों (सीपी) और सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सभी एसएचओ और गज़ेटेड अधिकारियों को गणतंत्र दिवस समारोह की समाप्ति तक फील्ड में तैनात रहने के आदेश दिए गए हैं।

संवेदनशील इलाकों में निकाले गए फ्लैग मार्च

स्पेशल डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि सीपी/एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने-अपने जिलों के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य आम जनता में विश्वास पैदा करना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को पूरी तरह तैयार रखना है। स्पेशल डीजीपी ने जानकारी दी कि पूरे पंजाब में सुरक्षा पहले ही बढ़ा दी गई है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और गणतंत्र दिवस के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए करीब 20,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में कासो अभियान

उन्होंने बताया कि राज्यभर के सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एसपी रैंक के अधिकारी की निगरानी में विशेष घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (कासो) चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, शॉपिंग मॉल और सार्वजनिक पार्क शामिल हैं। साथ ही पुलिस कर्मचारियों को तलाशी के दौरान आम जनता से शालीनता से पेश आने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ चल रही मुहिम “युद्ध नशों विरुद्ध” को 330वें दिन भी जारी रखा। आज 50 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 150 ग्राम हेरोइन और 376 नशीली गोलियां/कैप्सूल बरामद किए गए।

330 दिनों में 46,443 नशा तस्कर गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, पिछले 330 दिनों में अब तक कुल 46,443 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नशा मुक्ति अभियान के तहत आज 8 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार लेने के लिए प्रेरित भी किया गया।

यह भी देखें : अब ‘आप’ में छिड़ा अंदरूनी घमासान, गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में दिखी कलह