January 1, 2026

साल के पहले दिन ट्राइसिटी में बारिश की फुहारें, पंजाब-हरियाणा में छाए बादल

साल के पहले दिन ट्राइसिटी में बारिश की...

चंडीगढ़, 1 जनवरी : साल 2026 के पहले दिन ट्राइसिटी में मौसम ने करवट ले ली है। चंडीगढ़ में हल्की बारिश दर्ज की गई है, वहीं पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। बारिश और बादलवाली के कारण ठंड का असर और ज्यादा बढ़ गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि उत्तर भारत में पिछले करीब दो हफ्तों से घना कोहरा छाया हुआ है। नए साल के दिन भी आसमान में बादल छाए रहने और दिन के समय ठंड का प्रकोप बने रहने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश के आसार

स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार पंजाब और हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण दिल्ली और एनसीआर में भी मौसम की पहली हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि 3 जनवरी से शीत लहर चलने की संभावना है, जिसके चलते न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। इससे ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

पहाड़ी इलाकों में बारिश-बर्फबारी

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण अगले दो से तीन दिनों तक हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। दिल्ली में अगले पांच दिनों तक बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। गुरुवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।

नए साल की शुरुआत ठंड, बारिश और कोहरे के साथ हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

यह भी देखें : पंजाब पुलिस ने नए साल में संगठित अपराध की कमर तोड़ने का लिया संकल्प: डीजीपी