चंडीगढ़, 9 फरवरी : पंजाब में गैंगस्टरों के खात्मे के लिए पंजाब पुलिस द्वारा 9 फरवरी से 72 घंटे के लिए ऑपरेशन प्रहार-2 चलाया जाएगा। इस दौरान राज्यभर में दो हजार से अधिक पुलिस टीमें छापेमारी करेंगी। इस संबंध में डीजीपी गौरव यादव ने चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि इस अभियान की अगुवाई पुलिस कमिश्नर और संबंधित जिलों के एसएसपी करेंगे।
ऑपरेशन प्रहार-1 में बड़ी कार्रवाई
डीजीपी ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार-1 के दौरान राज्य में 17,603 स्थानों पर छापे मारे गए थे और 5,290 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें गैंगस्टर और उनसे जुड़े अपराधी शामिल थे। इस दौरान 128 हथियार भी बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि 2,973 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई, जबकि जांच और पूछताछ के बाद 5,413 लोगों को रिहा किया गया। इसके अलावा 344 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
सीपी और एसएसपी करेंगे व्यक्तिगत निगरानी
डीजीपी ने पुलिस कमिश्नरों और एसएसपी को निर्देश दिए हैं कि वे जांच की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करें और गंभीर अपराधों से जुड़े संवेदनशील इलाकों का दौरा करें। जनता में विश्वास बढ़ाने के लिए सभी जिला प्रमुखों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और हॉटस्पॉट इलाकों में व्यक्तिगत दौरे करने के निर्देश दिए गए हैं। अगले 72 घंटों के दौरान पूरे पंजाब में विशेष नाकाबंदी की जाएगी और राज्य में प्रवेश व निकास करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की तलाशी ली जाएगी।
विदेशों में बैठे 61 गैंगस्टरों की सूची तैयार
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस ने विदेशों में बैठकर राज्य का माहौल खराब करने वाले 61 गैंगस्टरों की सूची तैयार की है, जिनमें से 38 को देश वापस लाने की तैयारियां की जा रही हैं।
यह भी देखें : पंचायतों ने पंजाब सरकार को दान देने से किया किनारा

More Stories
4जी/5जी टेलीकॉम से संबंधित चोरियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 17 और गिरफ्तार
जनवरी में रिश्वतखोरी के 8 मामलों में 11 व्यक्ति रंगे हाथों काबू : विजिलेंस ब्यूरो
वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों में खुलेंगे ‘ब्लू क्रास’ स्टोर: गुरमीत सिंह खुडियां