पटना, 7 फरवरी : बिहार पुलिस ने पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई किसी नए मामले में नहीं, बल्कि करीब 31 साल पुराने एक केस के सिलसिले में की गई है। गिरफ्तारी के दौरान इलाके में काफी हंगामा देखने को मिला। जानकारी के अनुसार वर्ष 1995 में पप्पू यादव पर जमीन पर कब्जा करने और धोखाधड़ी के आरोप लगे थे। इसी पुराने मामले में अब पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है।
समर्थकों ने किया विरोध, लगे नारे
जब पुलिस की टीम पप्पू यादव को लेने उनके घर पहुंची, तो बड़ी संख्या में समर्थक वहां जमा हो गए। समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस सांसद को हिरासत में लेकर चली गई। गिरफ्तारी के तुरंत बाद देर रात पप्पू यादव का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस दौरान उन्होंने अपनी तबीयत खराब होने की शिकायत भी की, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया।
‘मैं खुद कोर्ट जाने वाला था’ — पप्पू यादव
अपनी गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि वे संसद सत्र में भाग लेकर ही लौटे थे और उन्हें अदालत के समन की जानकारी थी। उनका दावा है कि वे अगले दिन खुद अदालत में पेश होने वाले थे। सांसद ने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में आए थे और गिरफ्तारी के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
आज अदालत में होंगे पेश
पप्पू यादव को आज शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां 31 साल पुराने इस मामले में आगे की सुनवाई होगी।
यह भी देखें : सीबीएसई को झटका: अतिरिक्त विषय सुविधा खत्म करने वाली अधिसूचना रद्द

More Stories
जेल से रिहाई के बाद 25 करोड़ की चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार
अमेरिका और रूस के बीच नई START संधि की अवधि समाप्त
दिल दहलाने वाली वारदात: चाचा ने 14 साल की भांजी के साथ किया गलत