March 2, 2026

प्रधानमंत्री मोदी की नेतन्याहू से बातचीत, पश्चिम एशिया के हालात पर जताई चिंता

प्रधानमंत्री मोदी की नेतन्याहू से बातचीत...

नई दिल्ली, 2 मार्च : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र के ताज़ा हालात पर भारत की चिंताओं से अवगत कराया और निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत क्षेत्र में हिंसा और सैन्य कार्रवाई को तुरंत रोकने के पक्ष में है। उन्होंने शांति, स्थिरता और संवाद के माध्यम से समाधान खोजने पर बल दिया।

ईरान पर हमलों के बाद बढ़ा तनाव

यह बातचीत अमेरिका और इज़राइल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों तथा ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली ख़ामेनेई की मौत के बाद उत्पन्न नाज़ुक परिस्थितियों के संदर्भ में हुई। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

यूएई राष्ट्रपति से भी की चर्चा

इससे पहले रविवार रात प्रधानमंत्री मोदी ने शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी बातचीत की थी। उन्होंने खाड़ी देशों पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हुए भारत की ओर से पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया और क्षेत्रीय शांति बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता कायम रखने के लिए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करता है।

यह भी देखें : जेएनयू के 14 छात्र तिहाड़ जेल से रिहा