झज्जर (हरियाणा), 19 फरवरी : हरियाणा के झज्जर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) ने अपनी दो महीने की गर्भवती पत्नी की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट और अपहरण की झूठी कहानी भी गढ़ी, लेकिन सख्त पूछताछ में उसका झूठ ज्यादा देर तक नहीं टिक सका।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार आरोपी अंशुल धवन (31) और महिक (27) की शादी पिछले साल सितंबर में हुई थी। दोनों गुरुग्राम में काम करते थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात अंशुल ने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी कार लूट ली और उसकी पत्नी का अपहरण कर लिया है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो एक सूखी नहर के पास से महिक का शव बरामद हुआ। उसके गले पर गहरे घाव के निशान थे, जिससे साफ था कि उसकी गला काटकर हत्या की गई है।
बयान में विरोधाभास से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बयानों में बार-बार बदलाव नजर आया, जिससे शक गहरा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने दस्ताने पहनकर कैंची से अपनी पत्नी का गला काट दिया और वारदात को लूट और अपहरण का रूप देने की कोशिश की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसे इस बात से एतराज था कि उसकी पत्नी अपने दोस्तों से बातचीत करती थी। इसी शक और रंजिश के चलते उसने कथित रूप से पहले से हत्या की साजिश रची थी।
परिवार ने की फांसी की मांग
मृतका की बहन श्रुति ने बताया कि महिक दो महीने की गर्भवती थी। परिवार ने आरोप लगाया कि हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और उसे फांसी दी जाए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

More Stories
किसी मुद्दे पर बोलने से पहले पढ़ लिख कर आया करें राहुल गांधी : अनिल विज
पेंशन कटौती पर सियासी घमासान, CM सैनी बोले- किसी की पेंशन नहीं कटी
यूजीसी नेट: अंबाला की दीक्षा मक्कड़ ने देशभर में हासिल किया पहला स्थान