March 2, 2026

NIT जालंधर के 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

NIT जालंधर के 21वें दीक्षांत समारोह में...

जालंधर, 16 जनवरी : जालंधर स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) में शुक्रवार को 21वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह समारोह सुबह 11 बजे शुरू होगा, जिसमें देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। दीक्षांत समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया भी विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह NIT जालंधर का पहला दौरा है।

NIT जालंधर आने वाली दूसरी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू NIT जालंधर का दौरा करने वाली दूसरी राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने वर्ष 2006 में पीटीयू और 2009 में NIT जालंधर का दौरा किया था। इस दीक्षांत समारोह में वर्ष 2021 से 2025 तक के 1,452 अंडरग्रेजुएट छात्र, 2023 से 2025 तक के पोस्ट ग्रेजुएट छात्र और पीएचडी विद्यार्थियों को उनकी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।

गार्ड ऑफ ऑनर से होगा राष्ट्रपति का स्वागत

राष्ट्रपति के NIT कैंपस पहुंचने पर उन्हें पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद NIT बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरपर्सन जे.एस. यादव और संस्थान के निदेशक प्रो. विनोद कुमार कनौजिया उनका औपचारिक स्वागत करेंगे।

ऑडिटोरियम में होगा मुख्य कार्यक्रम

स्वागत समारोह के बाद राष्ट्रपति को ऑडिटोरियम ले जाया जाएगा, जहां दीक्षांत समारोह के दौरान विद्यार्थियों को डिग्रियां वितरित की जाएंगी। NIT जालंधर के कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रामानंद मिशन द्वारा आयोजित 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में शामिल होने के लिए जयपुर रवाना होंगी।

यह भी देखें : सियासत में आए अफसरों को पेंशनों का ‘गिफ्ट’