February 4, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी को पंजाब दौरे पर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी...

चंडीगढ़, 27 जनवरी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी को पंजाब का दौरा करेंगे। बजट सत्र के दिन रविदास जयंती के अवसर पर वह जालंधर स्थित डेरा बल्लां में नतमस्तक होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश होने के बाद शाम करीब चार बजे जालंधर के डेरा बल्लां पहुंचेंगे। यह जानकारी केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने पुष्टि करते हुए दी है। गौरतलब है कि डेरा बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास ने हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इसके अलावा, दो दिन पहले ही संत निरंजन दास को पद्म श्री पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।

दुआबा क्षेत्र में डेरा बल्लां का बड़ा प्रभाव

डेरा बल्लां के बड़ी संख्या में अनुयायी हैं और पंजाब के दुआबा क्षेत्र में इसका मजबूत आधार माना जाता है। इसी कारण प्रधानमंत्री की यह यात्रा सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से भी अहम मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी की पंजाब यात्रा के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं, क्योंकि राज्य में विधानसभा चुनाव अब ज्यादा दूर नहीं हैं। पंजाब की लगभग 34 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जातियों की है। भारतीय जनता पार्टी इस बार पंजाब में अकेले दम पर चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है।

चुनावी तैयारी के संकेत

राजनीतिक हलकों में प्रधानमंत्री की इस यात्रा को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। रविदास जयंती के अवसर पर डेरा बल्लां पहुंचना सामाजिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह भी देखें : स्वतंत्रता के बाद पंजाब को राजधानी से वंचित रखा गया : मुख्यमंत्री भगवंत मान