चंडीगढ़, 6 मार्च : पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल का पंजाब विधानसभा का पांचवां और आखिरी बजट सत्र शुक्रवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के अभिभाषण के साथ शुरू हो गया। राज्यपाल ने अपने संबोधन की शुरुआत “बोले सो निहाल” के जयकारे से की। विधानसभा परिसर में राज्यपाल के स्वागत के लिए लाल कालीन बिछाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने उनका स्वागत किया।
अभिभाषण के दौरान विपक्ष का हंगामा
सत्र के पहले दिन सदन में भारी हंगामा देखने को मिला। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा की अगुवाई में कांग्रेस विधायकों ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान करीब 17 मिनट तक लगातार नारेबाजी की। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने वॉकआउट कर दिया।
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र
राज्यपाल ने अपने संबोधन के शुरुआती 17 मिनट में राज्य सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने आम आदमी क्लीनिक, मेडिकल कॉलेजों में सुधार और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के जरिए लोगों को मिल रहे लाभों का विस्तार से जिक्र किया। इसके अलावा राज्य सरकार की “युद्ध नशों के विरुद्ध” (War Against Drugs) मुहिम की सफलताओं पर भी विशेष प्रकाश डाला गया।
8 मार्च को पेश होगा बजट
बताया जा रहा है कि यह बजट सत्र 16 मार्च तक चलेगा। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 2026-27 का बजट पेश करेंगे। सरकार बजट सत्र के दौरान महिलाओं को 1000 रुपये मासिक मान भत्ता देने की अपनी गारंटी को पूरा करने की दिशा में भी कदम उठाएगी और बजट में इसके लिए राशि का प्रावधान किया जाएगा।
विधानसभा के बाहर ‘आप’ का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन
सत्र शुरू होने से पहले आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के बाहर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ और पार्टी के युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष परमिंदर सिंह गोल्डी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बैंड-बाजे के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए। दोपहर बाद 2 बजे सदन में दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
यह भी देखें : चार साल में 1464 करोड़ रुपये की बचत: हरभजन सिंह ईटीओ

More Stories
पश्चिम एशिया संकट : दुबई से लौटे लोगों ने पंजाब सरकार का जताया आभार
पंजाब की बिगड़ती वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार: राजा वड़िंग
चार साल में 1464 करोड़ रुपये की बचत: हरभजन सिंह ईटीओ