March 16, 2026

पंजाब सरकार के 4 साल पूरे, CM भगवंत मान ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

पंजाब सरकार के 4 साल पूरे...

चंडीगढ़, 16 मार्च : पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के चार साल पूरे होने पर सोमवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में अपनी सरकार का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘CM मान के साथ 4 साल’ नाम की बुकलेट भी लॉन्च की। मुख्यमंत्री ने अपने चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों और आने वाले प्रोजेक्ट्स की जानकारी साझा की।

300 यूनिट मुफ्त बिजली से हुई शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 मार्च 2022 को खटकड़ कलां में शपथ लेने के बाद सरकार ने बिजली, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और खेल जैसे कई क्षेत्रों में बड़े फैसले लिए।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2022 से राज्य में 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना लागू की गई, जिसका आज करीब 90 प्रतिशत परिवारों को फायदा मिल रहा है और कई घरों का बिजली बिल शून्य आ रहा है। इसके अलावा किसानों को दिन के समय लगातार 8 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 881 आम आदमी क्लीनिक खोले जा चुके हैं और जल्द ही 200 और क्लीनिक खोले जाएंगे। इन क्लीनिकों में लाखों लोग मुफ्त इलाज और जांच की सुविधा का लाभ ले चुके हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत हजारों मरीजों का मुफ्त इलाज कराया जा रहा है।

खेलों के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय बाद पंजाब को एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने जा रही है। यह मुकाबले बर्ल्टन पार्क और मोहाली में आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का नया क्रिकेट स्टेडियम भी बनाया जाएगा।

खेती, रोजगार और नशे के खिलाफ अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में नहरों के पानी की उपयोगिता 21–22 प्रतिशत से बढ़कर 70 प्रतिशत से अधिक हो गई है। पिछले चार वर्षों में करीब 65 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की संपत्तियां जब्त की जा रही हैं और यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक राज्य से नशा पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता।

SSF से सड़क हादसों में कमी

मुख्यमंत्री के अनुसार, सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की स्थापना के बाद राज्य में सड़क हादसों में होने वाली मौतों में उल्लेखनीय कमी आई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक ओर गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई की बात की जाती है, जबकि दूसरी ओर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को साबरमती जेल में सुरक्षित रखा गया है।

उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और सुखजिंदर सिंह रंधावा पर भी तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार गैंगस्टरों को चुनाव में टिकट नहीं देती और न ही उन्हें हल्का इंचार्ज बनाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

यह भी देखें : अमृतसर में क्रॉस-बॉर्डर तस्करी के 6 मॉड्यूल का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार