चंडीगढ़, 19 मार्च : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने कृषि बुनियादी ढांचे के विकास में देशभर में अग्रणी स्थान हासिल किया है। यह जानकारी बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने चंडीगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय एआईएफ (एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड) सम्मेलन एवं सम्मान समारोह के दौरान दी। मंत्री मोहिंदर भगत ने बताया कि एआईएफ योजना के तहत परियोजनाओं की सबसे अधिक संख्या में पंजाब देश में पहले स्थान पर है।
फरवरी 2026 तक राज्य में 32,823 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के लिए विभिन्न वित्तीय संस्थानों द्वारा 7,597 करोड़ के ऋण स्वीकृत किए गए, जिनमें से 7,132 करोड़ लाभार्थियों को जारी किए जा चुके हैं।
इन जिलों का प्रदर्शन सबसे बेहतर
राज्य के आठ जिले देशभर में शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में शामिल हैं। इनमें लुधियाना (3,650 परियोजनाएं), संगरूर (3,155), बठिंडा (3,049), पटियाला (2,970), फाजिल्का (2,844), श्री मुक्तसर साहिब (2,246), मोगा (1,758) और फिरोजपुर (1,680) प्रमुख हैं। मंत्री ने बताया कि बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) की सहायता से करीब 1300 करोड़ की लागत वाले प्रोजेक्ट मंजूर किए गए हैं। ये परियोजनाएं अगले 10 वर्षों में लागू की जाएंगी।
पंजाब को मिले राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार
पंजाब ने सितंबर 2024 और जनवरी 2026 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के रूप में राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए हैं। इस अवसर पर सफल परियोजनाओं पर आधारित एक पुस्तक भी जारी की गई। समारोह में एआईएफ योजना को बेहतर ढंग से लागू करने वाले विभिन्न जिलों के डिप्टी कमिश्नर, बागवानी अधिकारियों और नाबार्ड से जुड़े अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब ग्रामीण बैंक और एचडीएफसी बैंक को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि एआईएफ योजना छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है, जिससे कृषि क्षेत्र में ढांचागत विकास और किसानों की आय में वृद्धि हो रही है।

More Stories
वन स्टॉप सेंटरों से 17,651 महिलाओं को मिली निःशुल्क सहायता
पंजाब विधानसभा में सिविल सेवा परीक्षा के सफल विद्यार्थियों का सम्मान
पंजाब ने राजस्थान से पानी के बकाए पर कड़ा रुख अपनाया