February 13, 2026

पैरोल के दौरान फरार होने वाले कैदियों में पंजाब अव्वल

पैरोल के दौरान फरार होने वाले ...

चंडीगढ़, 13 फरवरी : देशभर में पैरोल पर जाकर फरार होने वाले कैदियों के मामलों में पंजाब शीर्ष पर पहुंच गया है। आंकड़ों के अनुसार पंजाब की जेलों से पैरोल पर गए 154 कैदी वापस नहीं लौटे, जबकि नौ कैदी अस्पताल से फरार हो गए। इनमें से पांच को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा आधा दर्जन महिला कैदी भी पैरोल पर जाने के बाद जेल नहीं लौटीं।

गुजरात और महाराष्ट्र दूसरे-तीसरे स्थान पर

राष्ट्रीय जेल सूचना पोर्टल के ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस सूची में गुजरात दूसरे स्थान पर है, जहां 87 कैदी पैरोल से फरार हुए। महाराष्ट्र 85 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है। अन्य राज्यों में हरियाणा के 58, असम के 58, मध्य प्रदेश के 38, पश्चिम बंगाल के 36, बिहार के 31, छत्तीसगढ़ के 25, कर्नाटक के 10, राजस्थान के छह और तमिलनाडु के पांच कैदी पैरोल से फरार हुए हैं।

पैरोल नियम और प्रशासनिक प्रक्रिया

जेल नियमों के अनुसार कोई भी कैदी चार महीने की सजा पूरी करने के बाद पैरोल का पात्र हो जाता है। उसे एक वर्ष में दो बार 56-56 दिनों की पैरोल मिल सकती है। पहली बार पैरोल देने से पहले जेल प्रशासन संबंधित जिला प्रशासन से क्लीन चिट लेता है। यदि कोई कैदी पैरोल से वापस नहीं लौटता, तो उसकी जमानत जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है और पुलिस को सूचना दी जाती है।

पंजाब की जेलों में वर्तमान में कुल 36,268 बंदी हैं, जिनमें 6,358 सजायाफ्ता कैदी शामिल हैं। पैरोल से देरी से लौटने के मामलों में अंतिम निर्णय जेल अधीक्षक लेते हैं।

अस्पताल और पुलिस हिरासत से भी फरारी

कपूरथला जेल के सात कैदी इलाज के लिए अस्पताल ले जाए जाने के दौरान फरार हो गए, जिनमें से चार को दोबारा पकड़ लिया गया। गुरदासपुर जेल का एक कैदी भी अस्पताल से फरार हुआ था, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

बठिंडा जेल से चार महिला कैदी अलग-अलग समय पर पैरोल पर गईं और वापस नहीं लौटीं। पटियाला और नाभा जेल की महिला कैदी भी पैरोल से फरार बताई जा रही हैं। इसके अलावा अदालत में पेशी के लिए ले जाए जा रहे 14 कैदी पुलिस हिरासत से भी फरार हो गए। इन घटनाओं ने जेल सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी देखें : चुनावी हलचल : कांग्रेस ने कै. अमरेंद्र सिंह के लिए दरवाज़े खोले, क्या जाएंगे कैप्टन?