April 12, 2026

क्यूबेक को आज मिलेगा नया प्रीमियर, CAQ नेतृत्व चुनाव का होगा फैसला

क्यूबेक को आज मिलेगा नया प्रीमियर, CAQ...

मॉन्ट्रियल, 12 अप्रैल : कनाडा के क्यूबेक प्रांत में सत्तारूढ़ Coalition Avenir Québec (CAQ) के नए नेता का ऐलान आज किया जाएगा। यह नेतृत्व चुनाव निवर्तमान प्रीमियर François Legault के उत्तराधिकारी को तय करेगा। इस दौड़ में दो प्रमुख उम्मीदवार हैं। Christine Fréchette और Bernard Drainville। इनमें से जो भी जीतता है, वह आगामी आम चुनाव (5 अक्टूबर) तक क्यूबेक का प्रीमियर बनेगा।

62 वर्षीय बर्नार्ड ड्रेनविल ने खुद को क्यूबेक की पहचान की रक्षा करने वाले नेता के रूप में पेश किया है। उन्होंने कड़ी आव्रजन (इमिग्रेशन) नीति अपनाने की बात भी कही है। उन्हें कई वरिष्ठ मंत्रियों और 20 से अधिक विधायकों का समर्थन हासिल है।

फ्रेचेट का जोर आर्थिक मुद्दों पर

55 वर्षीय क्रिस्टीन फ्रेचेट ने खुद को मध्यमार्गी उम्मीदवार के रूप में पेश किया है। उनका चुनाव अभियान मुख्य रूप से आर्थिक मुद्दों और विकास पर केंद्रित रहा है। उन्हें 41 विधायकों, जिनमें 17 मंत्री भी शामिल हैं, का समर्थन मिला है। पार्टी के अनुसार, इस चुनाव में 20,500 से अधिक सदस्य मतदान के पात्र हैं। मतदान 7 अप्रैल से शुरू हुआ था और आज दोपहर 3 बजे तक वोट डाले जा सकते हैं। इसके बाद परिणामों की घोषणा ड्रम्मोंडविल में की जाएगी।

निवर्तमान प्रीमियर फ्रांस्वा लेगॉल्ट ने पिछले सप्ताह कहा था कि वे इस नेतृत्व चुनाव में वोट डालेंगे, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि वे किस उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। नए नेता के सामने सबसे बड़ी चुनौती आगामी 5 अक्टूबर को होने वाले आम चुनाव होंगे, जहां उन्हें पार्टी और सरकार दोनों का नेतृत्व करना होगा।

यह भी देखें : होर्मुज़ स्ट्रेट पर ईरान सख्त, विश्व में इन जलमार्गों पर लगता है टैक्स