February 4, 2026

राहुल गांधी ने चुनावी रणनीति को लेकर जिला अध्यक्षों को दी विशेष ट्रेनिंग

राहुल गांधी ने चुनावी रणनीति को लेकर...

कुरुक्षेत्र, 23 जनवरी : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार सुबह हरियाणा के कुरुक्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत पार्टी के जिला अध्यक्षों को चुनावी रणनीति और संगठन मजबूती को लेकर विशेष प्रशिक्षण दिया। राहुल गांधी विशेष विमान से अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे, जहां कांग्रेस प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से कुरुक्षेत्र स्थित पंजाबी धर्मशाला पहुंचे, जहां प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

बंद कमरे में हुआ प्रशिक्षण सत्र

इस प्रशिक्षण शिविर में हरियाणा और उत्तराखंड के जिला अध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी चुनावों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने के गुर सिखाए गए। राहुल गांधी ने दोनों राज्यों के जिला अध्यक्षों के परिजनों से भी मुलाकात की और संगठनात्मक कार्यों में परिवारों के सहयोग को अहम बताया।

प्रशिक्षण सत्र पूरी तरह बंद हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें केवल जिला अध्यक्षों को ही प्रवेश की अनुमति थी। राहुल गांधी जिला स्तर पर संगठन को सीधे तौर पर मजबूत करने पर विशेष जोर दे रहे हैं। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी शैलजा, रणदीप सुरजेवाला सहित कई विधायक धर्मशाला परिसर में मौजूद थे, लेकिन उन्हें प्रशिक्षण सत्र से अलग कमरे में बैठाया गया।