भुवनेश्वर/चंडीगढ़, 16 मार्च : देश के 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों को भरने के लिए दो-सालाना चुनाव प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। इनमें से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि बाकी 11 सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इन 11 सीटों में बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटें शामिल हैं। मतों की गिनती आज शाम 5 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद नतीजे साफ हो जाएंगे। इन चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और विपक्षी गठबंधन के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है।
ओडिशा और हरियाणा में सुबह 9 बजे से मतदान
ओडिशा और हरियाणा में राज्यसभा सीटों के लिए मतदान प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शुरू हो गई। दोनों राज्यों में सियासी माहौल काफी गर्म है और सभी दल अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश कर रहे हैं। ओडिशा में करीब 12 साल बाद राज्यसभा के लिए ऐसा मुकाबला हो रहा है जिसमें मतदान की जरूरत पड़ी है। यहां ‘क्रॉस वोटिंग’ की आशंका जताई जा रही है। विपक्षी दल बीजू जनता दल ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए हैं। राज्य की 4 सीटों के लिए 5 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसके कारण मुकाबला बेहद रोचक और कड़ा हो गया है।
हरियाणा में कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
वहीं हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए भी मुकाबला जारी है। कांग्रेस अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए उन्हें कसौली ले गई थी। आज सुबह वे दीपेंद्र हुड्डा की अगुवाई में चंडीगढ़ लौट रहे हैं। भाजपा ने संजय भाटिया को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से कर्मवीर बौद्ध मैदान में हैं।
INLD के रुख पर सबकी नजरें
इंडियन नेशनल लोकदल के रुख पर भी सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। पार्टी ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि वह भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन करेगी या मतदान से दूरी बनाए रखेगी। दोनों राज्यों में शाम 4 बजे तक मतदान जारी रहेगा, जबकि शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
यह भी देखें : पंजाब सरकार के 4 साल पूरे, CM भगवंत मान ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

More Stories
23 मई से शुरू होगी श्री हेमकुंट साहिब यात्रा, तैयारियों को लेकर बैठक
पंजाब सरकार के 4 साल पूरे, CM भगवंत मान ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड
पंजाब में 71% शराब ठेकों का नवीनीकरण, बाकी के लिए सरकार लाएगी टेंडर