February 9, 2026

रणजी ट्रॉफी: के.एल. राहुल के 24वें शतक ने तोड़ा मुंबई का सपना

रणजी ट्रॉफी: के.एल. राहुल के 24वें...

नई दिल्ली, 9 फरवरी : रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय स्टार बल्लेबाज़ के.एल. राहुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतक जड़ा और अपनी टीम कर्नाटक को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। राहुल की इस दमदार पारी के दम पर कर्नाटक ने मुंबई को हराकर टूर्नामेंट के अगले दौर में प्रवेश किया। यह के.एल. राहुल के फर्स्ट क्लास करियर का 24वां शतक रहा।

शरद पवार क्रिकेट अकादमी में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में मुंबई ने कर्नाटक के सामने जीत के लिए 325 रनों का लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करते हुए के.एल. राहुल ने चौथी पारी में जिम्मेदारी भरी बल्लेबाज़ी करते हुए 182 गेंदों में 130 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 14 चौके और एक छक्का शामिल रहा।

हालांकि पहली पारी में राहुल सिर्फ 26 रन ही बना सके थे, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने अपनी क्लास दिखाते हुए मैच का रुख कर्नाटक के पक्ष में मोड़ दिया।

कर्नाटक की सेमीफाइनल में एंट्री

मुंबई को 4 विकेट से हराने के बाद कर्नाटक ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। सेमीफाइनल में अब उसका मुकाबला उत्तराखंड से होगा, जिसने झारखंड को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया है। यह अहम मुकाबला 15 फरवरी से खेला जाएगा।