March 23, 2026

ओ.टी.एस. स्कीम से 111.16 करोड़ की वसूली, व्यापारियों का बढ़ा भरोसा: हरपाल सिंह चीमा

ओ.टी.एस. स्कीम से 111.16 करोड़ की वसूली...

चंडीगढ़, 23 मार्च : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि वैट बकाये के लिए लागू एकमुश्त निपटान (ओ.टी.एस.) स्कीम को व्यापारियों से जबरदस्त समर्थन मिला है। इस योजना के तहत अब तक 7,845 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें लगभग 298.39 करोड़ रुपये का बकाया शामिल है, जबकि 111.16 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। वित्त मंत्री ने बताया कि लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और रोपड़ जैसे प्रमुख जिलों से स्कीम को अच्छा प्रतिसाद मिला है। उन्होंने कहा कि यह व्यापारियों के बीच स्कीम के लाभों के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।

31 मार्च तक अंतिम मौका

उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि ओ.टी.एस. स्कीम की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 है। पात्र करदाता इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित वैट बकाये का निपटान करें और राज्य के विकास में योगदान दें। हरपाल सिंह चीमा ने चेतावनी दी कि समय सीमा समाप्त होने के बाद सरकार सख्त रुख अपनाएगी। बकाया मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लगभग 8,000 संपत्तियों की पहचान पहले ही की जा चुकी है, जिन पर कार्रवाई संभव है।

व्यापारियों को नई शुरुआत का अवसर

वित्त मंत्री ने कहा कि इस स्कीम के तहत पुराने वैट बकाये पर ब्याज और जुर्माने में बड़ी छूट दी जा रही है, जिससे कारोबारियों को नई शुरुआत का मौका मिलेगा। इससे मुकदमेबाजी कम होगी और राज्य का राजस्व भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि ओ.टी.एस. स्कीम को मिला व्यापक समर्थन भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की पारदर्शी और व्यापार-समर्थक नीतियों में करदाताओं के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

सरकार का उद्देश्य राहत प्रदान करना, विवाद कम करना और कर प्रणाली को मजबूत बनाना है, ताकि व्यापारी साफ-सुथरे वित्तीय रिकॉर्ड के साथ आगे बढ़ सकें।

यह भी देखें : ‘रंगला पंजाब’ की ओर बढ़ रहा राज्य, सांस्कृतिक मेलों में फिर लौटी रौनक: भगवंत सिंह मान