चंडीगढ़, 6 मार्च : पंजाब सरकार के लोक निर्माण विभाग ने पारदर्शी टेंडरिंग प्रणाली के जरिए पिछले चार वर्षों में 1464 करोड़ रुपये की बचत की है। यह जानकारी पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने दी। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से पहले की प्रक्रिया को अधिक वैज्ञानिक और तर्कसंगत बनाने के कारण यह बचत संभव हो पाई है।
45,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण लक्ष्य
मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने 30 जून 2026 तक 45,000 किलोमीटर सड़कों के निर्माण का लक्ष्य तय किया है। इसमें 4700 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण, पुरानी सड़कों का रखरखाव और चौड़ीकरण भी शामिल है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 16,209 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सीएम फ्लाइंग स्क्वाड द्वारा लगातार जांच की जा रही है। इसके अलावा सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य की समीक्षा के लिए रोजाना जिला और सर्कल स्तर पर समीक्षा बैठकें भी की जा रही हैं।
पंजाब में सड़क घनत्व 154 किमी
हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि पंजाब में सड़क घनत्व 154 किलोमीटर प्रति 100 वर्ग किलोमीटर है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की ओर से राज्य का आरडीएफ का लगभग 8800 करोड़ रुपये लंबे समय से जारी नहीं किया गया है।
बेहतर सड़क नेटवर्क देने के लिए प्रतिबद्ध सरकार
उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के लोगों को बेहतर सड़क नेटवर्क देने के लिए लगातार काम कर रही है। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि अब जो भी सड़क बनाई जाएगी, उसके अगले पांच वर्षों तक रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी उसी ठेकेदार की होगी जिसने सड़क का निर्माण किया है। इससे सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ कम होगा और लोगों को टूटी-फूटी सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी।
यह भी देखें : पंजाब में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू : स्वास्थ्य मंत्री

More Stories
पश्चिम एशिया संकट : दुबई से लौटे लोगों ने पंजाब सरकार का जताया आभार
पंजाब की बिगड़ती वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार: राजा वड़िंग
पंजाब विधानसभा का बजट सत्र शुरू, विपक्ष का हंगामा, वॉकआउट कर दिया