मुंबई, 4 अक्तूबर : लोकप्रिय अभिनेता अक्षय कुमार ने महाराष्ट्र पुलिस द्वारा मनाए जा रहे साइबर जागरूकता माह 2025 के दौरान अपने घर पर हुई एक चिंताजनक घटना का ज़िक्र करते हुए स्कूलों में साप्ताहिक साइबर पीरियड शुरू करने का सुझाव दिया है। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के शीर्ष पुलिस अधिकारी और राज्य के गृह मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे।
गेम खेलते समय मांगी तस्वीरें
महाराष्ट्र पुलिस निदेशालय में साइबर जागरूकता माह के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अक्षय ने बताया कि उनकी 13 साल की बेटी कुछ महीने पहले ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रही थी। इस दौरान एक अनजान व्यक्ति ने पहले उसके गेम की तारीफ की, फिर पूछा कि वह कहां से है। लड़की ने बताया कि वह मुंबई की रहने वाली है। इसके बाद अनजान व्यक्ति ने पूछा कि वह पुरुष है या महिला।
लड़की ने बताया कि मैं महिला हूं। इसके बाद अनजान व्यक्ति ने सीधे तौर पर लड़की से उसकी नग्न तस्वीरें भेजने का अनुरोध किया। यह संदेश देखकर लड़की ने तुरंत अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और पूरी घटना अपनी मां को बताई। इस तरह वह किसी भी तरह की दुर्घटना से बच गई।
साइबर अपराध खतरनाक, जागरुकता जरूरी
अक्षय ने इस घटना का ज़िक्र करते हुए कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अनुरोध किया कि महाराष्ट्र में सातवीं से दसवीं तक की कक्षाओं में साप्ताहिक साइबर सुरक्षा जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि बच्चों को किसी भी तरह की साइबर धोखाधड़ी से बचाया जा सके। इस मौके पर अक्षय ने कहा कि आजकल साइबर अपराध सड़कों पर होने वाले अपराधों से भी ज़्यादा खतरनाक हो गए हैं। इनका शिकार होने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। बच्चों को इसके बारे में नियमित जानकारी देकर ही इससे बचाया जा सकता है।
यह भी देखें : ऐश्वर्या राय ने पेरिस में रैंप पर अपने हीरे जड़ी ड्रेस से सबका ध्यान खींचा
More Stories
ऐश्वर्या राय ने पेरिस में रैंप पर अपने हीरे जड़ी ड्रेस से सबका ध्यान खींचा
दिलजीत दोसांझ इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट, ‘अमर सिंह चमकीला’ भी लिस्ट में
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन फर्नांडीज सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं