October 6, 2025

शर्मनाक! बुजुर्ग मां को सड़क किनारे फेंककर भागा परिवार, हुई मौत

शर्मनाक! बुजुर्ग मां को सड़क किनारे फेंककर...

फैजाबाद, 25 जुलाई : उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको चौंका दिया है। जहाँ एक बुजुर्ग महिला को उसके ही परिवार वाले रात के अंधेरे में सड़क किनारे छोड़कर भाग गए। कुछ घंटों बाद अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह घटना कोतवाली अयोध्या थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर इलाके की है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग रात में बुजुर्ग महिला को ई-रिक्शा में लाकर सड़क किनारे कंबल में लपेट कर छोड़ गए।

शर्मनाक हरकत सीसीटीवी में कैद

वीडियो फुटेज में साफ़ दिख रहा है कि इस शर्मनाक हरकत में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। वे सभी बुजुर्ग महिला को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गईं। महिला की हालत बेहद गंभीर थी। स्थानीय लोगों ने जब महिला को बेहोश पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुँची और महिला को दर्शन नगर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। हालाँकि डॉक्टरों ने काफी कोशिश की, लेकिन महिला की हालत इतनी खराब हो गई थी कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एसपी नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोषियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक अमानवीय और शर्मनाक कृत्य है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी देखें :यूक्रेन-रूस युद्ध में अब कमांडो ‘काकरोच’ संभालेंगे मोर्चा!